राघौगढ़/गुना। गुना जिले के राघौगढ़ में शुक्रवार रात कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर विवाद हुआ। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस को आंसू गैस और हवाई फायर करना पड़ा। तनाव के चलते यहां धारा 144 लागू कर दी गई। राघौगढ़ नगर पालिका चुनाव हो रहे हैं और शुक्रवार को यहां सीएम शिवराज सिंह चौहान की सभा भी थी।
वे यहां भाजपा की ओर से अध्यक्ष पद की प्रत्याशी माया अग्रवाल के समर्थन में प्रचार कर रहे थे। तभी सभा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हंगामा मचाया और दोनों दलों के समर्थकों में विवाद होने लगा। जानकारी के मुताबिक रात 12 बजे पथराव भी हुआ, इसके बाद पुलिस ने हवाई फायर कर उपद्रव करने वालों को खदेड़ा। स्थिति को संभालने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। शनिवार सुबह स्थिति सामान्य नजर आई, दुकाने खुली और बाजार में पहले की तरह चहल-पहल रही।
Comment Now