भोपाल (रुचि एस काशिव)। 146 साल पुराना शहर का 'ताजमहल" जल्द ही एक हेरीटेज होटल के रूप में दिखाई देगा। शाहजहांनाबाद स्थित ताजमहल को विकसित करने की जिम्मेदारी इंदौर की कंपनी गोल्डसमैन रिसोर्स प्रा. लि. को दी गई है। मप्र पर्यटन निगम ने टेंडर प्रक्रिया पूरी करते हुए 5 करोड़ 11 लाख रुपए में 90 साल के लिए लीज पर दिया है।
ताजमहल का रिनोवेशन ढाई साल पहले पर्यटन निगम ने शुरू किया था, लेकिन कुछ समय बाद यह बंद हो गया। 45 से ज्यादा लग्जरी कमरे बनेंगे रिनोवेट होने के बाद ताजमहल में 45 से ज्यादा लग्जरी कमरे होंगे। इसके साथ ही इन सभी कमरों को रिहायशी लुक देने के लिए इसके अंदर उपयोग किए जाने वाले पर्दे सहित अन्य चीजें राजशाही दौर का अनुभव कराएंगे। यह एक हेरीटेज बिल्डिंग है, इसलिए इसके मूल स्वरूप से कोई छेड़छाड़ नहीं की जाएगी। इसमें पार्किंग की व्यवस्था के लिए भी डीपीआर तैयार की जा रही है।
शाहजहां बेगम ने कराया था निर्माण
भोपाल का ताजमहल किसी शहंशाह ने नहीं, बल्कि भोपाल की एक बेगम शाहजहां ने कराया था। वे 1861 से 1901 तक भोपाल रियासत की बेगम रही थीं। उन्होंने ताजमहल का निर्माण अपने खुद के निवास के लिए कराया था। इस ताजमहल में 120 कमरे व 8 बड़े हॉल हैं। दावतें और बैठकें इन्हीं में हुआ करती थीं। ताजमहल के निर्माण में 13 साल लगे। साल 1871 में इसका निर्माण शालीमार बाग की तर्ज पर किया गया था। यहां बने कृत्रिम झरने के नीचे बैठककर बेगम शाहजहां सावन-भादौ के महीने में बारिश का आनंद लेती थीं। महल के दरवाजे का वजन एक टन से ज्यादा है कई हाथियों की ताकत भी दरवाजे को तोड़ नहीं सकतीं। दरवाजा इतना विशाल है कि 16 घोड़ों वाली बग्गी भी 360 डिग्री में घूम सकती थी।
यह होंगे आकर्षण के केंद्र
- इसका प्रवेश द्वार जो 7 मंजिला और भव्य स्वरूप में है। उसे रिनोवेट कर शाही लुक दिया जाएगा।
- सावन भादौ पवेलियन में लाइट्स के साथ फव्वारे शुरू किए जाएंगे।
- महल की टूट-फूट को रिपेयर करने के साथ ही लाइटिंग, लैेंड स्केपिंग की जा सकेगी। रंगीन शीशे से छत बनेगी।
- ताजमहल से लगे मोतिया तालाब तक हेरिटेज वॉक पाथवे बनाया जाएगा।
नहीं बदलेगा मूल स्वरूप
ताजमहल को हेरीटेज होटल में बदलने से इसका संरक्षण और बेहतर ढंग से हो पाएगा। हेरीटेज होटल में बदलने की प्रक्रिया में ताजमहल के मूल स्वरूप के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं की जाएगी - एके राजौरिया, डायरेक्टर, मप्र पर्यटन विकास निगम
Comment Now