लखनऊ.दिल्ली के बाबा वीरेंद्र देव के आश्रम के जैसे ही यूपी की राजधानी में एक मदरसे पर छापेमारी के दौरान 51 लड़कियों को छुड़ाया गया। शुक्रवार देर शाम हुई इस कार्रवाई में लखनऊ पुलिस ने मदरसा संचालक को गिरफ्तार कर लिया। लड़कियों का आरोप है कि यहां उन्हें बंधक बनाकर रखा गया था। उनसे छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें की जाती थीं। संचालक उनसे पैर दबवाता था और विरोध करने पर जानवरों जैसा सलूक करता था। बता दें कि पिछले दिनों आध्यात्मिक विश्वविद्यालय नामक संस्था के आश्रमों से दिल्ली, यूपी समेत कई राज्यों से करीब 150 लड़कियों को छुड़ाया गया।
- लखनऊ के एसएसपी दीपक कुमार ने बताया, ''शुक्रवार शाम कुछ बुजुर्गों ने ऑफिस आकर बताया कहा कि सआदतगंज इलाके में जामिया खदीजतुल कुबरा लीलबनात नाम से मदरसा चल रहा है। वहां लड़कियों के साथ बहुत गलत काम हो रहा है। ये सब कई सालों से चल रहा है।''
- ''इसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मदरसे पर छापेमारी की। इस दौरान वहां 51 लड़कियां मौजूद थीं। पीड़ित लड़कियों ने बताया कि मदरसा संचालक मो. तैय्यब जिया अमानवीय प्रवृत्ति का व्यक्ति है। यहां पढ़ने वाली लड़कियों के साथ छेड़छाड़ करता है।''
- ''आरोपी तैय्यब को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल, सभी लड़कियों को नारी निकेतन में रखा गया है। मदरसे में कुल 125 लड़कियों के नाम दर्ज हैं।''
- सैयद मोहम्मद जिलानी अशरफ ने बताया कि उन्होंने पहले भी मदरसे के खिलाफ सआदतगंज थाने में शिकायत दी थी, लेकिन इसे नजरअंदाज कर दिया गया। इसके बाद जब मदरसे में कैद लड़कियों ने जुल्मों की कहानी चिट्ठी में लिखकर बाहर फेंकीं, तो फिर लोगों ने इन्हें एसएसपी दीपक कुमार को दिया।
- अशरफ ने बताया कि उन्होंने यह मदरसा बनवाकर मो. तैय्यब को चलाने के लिए दिया था, लेकिन बाद में वह इसे हॉस्टल की तरह चलाने लगा। जब हमें उसकी हरकतों की जानकारी मिली तो पुलिस से शिकायत की।
- लड़कियों ने मदरसे में हो रहे जुल्मों को बताने के लिए कई लेटर लिखे। इनमें कहा गया है कि आरोपी संचालक छात्राओं के साथ मारपीट करता था। उनसे पैर दबवाता था और विरोध करने पर उनके साथ जानवरों जैसा सलूक करता था। कई बार लड़कियों के साथ छेड़खानी और अश्लील हरकतें भी करता था।
Comment Now