नीमच। जिले के उम्मेदपुरा-तारापुर की प्राकृतिक रंगों से प्रिंटेड साड़ियों की डिमांड देशभर में रहती है। इन्हें समूह के माध्यम से महिला और पुस्र्ष सदस्य व कारीगर तैयार करते हैं। इतना ही नहीं, साड़ियों की ब्रांडिंग सोशल मीडिया और इंटरनेट के माध्यम से की जाती है। प्रिंटेड साड़ियों के कारण न केवल गांव की पहचान समूचे देश में है, बल्कि इससे गांव के लोगों को आर्थिक संबल भी मिला है।
जिला मुख्यालय से लगभग 25 किमी गंभीरी नदी के किनारों पर बसा है उम्मेदपुरा-तारापुर गांव। यह गांव प्राकृतिक रंगों से प्रिंटेड तैयार साड़ियों और दाबू प्रिंट के लिए देशभर में पहचाना जाता है। चारभुजा स्वसहायता समूह तारापुर-उम्मेदपुरा के लगभग 70 से 80 सदस्य हॉफ कॉटन और सिल्क कपड़े पर प्राकृतिक रंगों से छपाई कर साड़ियां तैयार करते हैं।
समूह के अध्यक्ष प्रदीप झरिया ने बताया कि प्राकृतिक रंगों और हाथ से बुने कपड़े से आकर्षक और मनमोहक साड़ियां तैयार करते हैं। इनके कारण देशभर में पहचान के साथ समूह के सदस्यों और कारीगरों को रोजगार मिला है। वे आत्मनिर्भर बनते हैं। सोशल मीडिया और इंटरनेट के जरिए साड़ियों की ब्रांडिंग करते हैं। इन्हें देशभर में बेचते हैं। सरकार की मदद मिलेगी तो ये साड़ियां विदेशों में भी अपनी अलग पहचान बनाएगी।
यहां साड़ियों की मांग : नई दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, मद्रास, इंदौर, भोपाल, जबलपुर, उज्जैन, जयपुर सहित अन्य शहरों में।
यूं जुटाते हैं मटेरियल
कपड़ा : इंदौर, बुरहानपुर, महेश्वर, चंदेरी और अशोक नगर सहित अन्य स्थानों से हॉफ कॉटन तथा सिल्क का कपड़ा लाते हैं। यह हाथों से बुना हुआ होता है।
प्राकृतिक रंग : समूह के सदस्य और कारीगर साड़ियों पर प्रिंटिंग के लिए प्राकृतिक रंग तैयार करते हैं। गुड़ और लोहे को सड़ाकर काला और हरड़ा पावडर से पीला तथा हल्के रंग तैयार करते हैं। अनार के छिलके से भी पीला रंग तैयार होता है। डिगो नील से नीला और फिटकरी तथा धावड़े के फूल मिलाकर लाल रंग बनाते हैं। अन्य रंग भी प्राकृतिक उपाय से बनाते हैं।
साड़ी तैयार करने का तरीका
साड़ी के आकार के कपड़े को काटकर पानी में गला दिया जाता है। करीब 10 दिन कपड़े को सूखा कर समूह की अलग-अलग यूनिट और सदस्यों के घर पर छपाई का काम होता है। एक कारीगर एक दिन में 2 से 3 साड़ियां तैयार करता है। इसके एवज में सदस्यों तथा कारीगर को प्रति साड़ी 200 से 250 स्र्पए मिलते हैं। एक साड़ी की लागत करीब 350 से 450 स्र्पए के बीच आती है।
Comment Now