Saturday, 24th May 2025

अद्वैत वेदांत दर्शन से ही वैश्विक समस्याओं का समाधान सम्भव

Wed, Dec 20, 2017 4:22 AM

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने रीवा में किया एकात्म यात्रा का भव्य शुभारंभ 

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आदिगुरू शंकराचार्य के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए रीवा में एकात्म यात्रा का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आदिगुरू शंकराचार्य ने देश को सांस्कृतिक एकता के सूत्र में बांधा, देश के चारों कोनों में चार प्रमुख मठों की स्थापना की। आज भी ये मठ सनातन धर्म की आस्था का केन्द्र हैं। उनके विचारों और अद्वैत दर्शन ने भारतवर्ष के धार्मिक और सांस्कृतिक संकट को दूर किया जिससे सनातन धर्म की पुनः स्थापना हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि अद्वेत वेदांत दर्शन से ही वैश्विक समस्याओं का समाधान संभव है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आदिगुरू शंकराचार्य काशी से महेश्वर जाते हुए रीवा के पचमठा आश्रम में कई दिनों तक रूके थे। उनकी ज्ञान ज्योति और आध्यात्मिक शक्ति का आशीर्वाद इस क्षेत्र को मिला था। इसलिये विन्ध्य की धरा वंदनीय है। उन्होंने कहा कि पचमठा आश्रम का सर्वांगीण विकास किया जायेगा।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि अद्वैत वेदांत द्वारा ही भौतिकता की अग्नि का शमन होगा। आदिगुरू शंकराचार्य के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संतों के नेतृत्व में एकात्म यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा के दौरान ओंकारेश्वर में 22 जनवरी को पूरे प्रदेश से एकत्रित मिट्टी एवं धातु से प्रतिमा निर्माण का भूमिपूजन होगा। ओंकारेश्वर में अद्वैत वेदांत का केन्द्र भी बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि सरकार भौतिक संसाधनों तथा अधोसंरचना के विकास के साथ लोगों के जीवन को बेहतर बनाने का भी प्रयास कर रही है। संतों के आशीर्वाद से एकात्म यात्रा अपने उद्देश्य को प्राप्त करेगी।

जगतगुरू स्वामी परमानंद जी ने कहा कि आदिगुरू शंकराचार्य के विचारों से जन-जन को मार्गदर्शन मिलेगा। एकात्म यात्रा का नेतृत्व कर रहे संत स्वामी अखिलेश्वरानंद गिरि ने कहा कि आदिगुरू ने ओंकारेश्वर में दीक्षा ली थी। अपने गुरू से आशीर्वाद लेकर पूरे देश में भ्रमण कर वेद का विरोध करने वालों को परास्त किया था। उनके पावन चरण से रीवा की धरती भी पावन हुई थी जिसे वर्तमान में पचमठा आश्रम कहा जाता है। उद्योग, वाणिज्य तथा खनिज मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि संतों के मार्गदर्शन में एकात्म यात्रा आदिगुरू शंकराचार्य के विचार जन-जन तक ले जायेगी।

चली धर्म ध्वजा

समारोह में आदिगुरू शंकराचार्य की पादुका का प्रतीक पूजन किया गया। मुख्यमंत्री श्री चौहान तथा उद्योग मंत्री श्री शुक्ल ने धर्म ध्वजा एवं पादुका संतों को सौंपकर एकात्म यात्रा का शुभारंभ किया।

पचमठा आश्रम में प्रातः 11 बजे उद्योग मंत्री श्री शुक्ल तथा स्वामी अखिलेश्वरानंद ने पादुका पूजन करके एकात्म यात्रा को आरंभ किया। समारोह स्थल मार्तण्ड स्कूल मैदान में समाप्त हुई यात्रा में वेद पाठि बटुक, शंकराचार्य के स्त्रोतों का गायन करने वाले तथा हजारों भक्त शामिल रहे। एकात्म यात्रा के अवसर पर साम्प्रादायिक समुदाय और गंगा जमुनी संस्कृति का अनूठा उदाहरण दिखायी दिया। शोभा यात्रा पचमठा आश्रम से शुरू होकर मुस्लिम बाहुल्य मोहल्ले में पहुंची तो मुस्लिम भाइयों ने बैण्ड बाजे तथा पुष्प वर्षा से यात्रा का स्वागत किया और चुनरी भेंट की।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने एकात्म यात्रा में जिले भर में हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजताओं को पुरस्कार प्रदान किये। समारोह में प्रसिद्ध गायक सुरेश वाडकर ने सुमधुर भजनों से समा बांधा। श्रोता देर तक उनके भजनों पर झूमते रहे। समारोह में विश्व के एकमात्र संस्कृत बैंड ध्रुवा ने डाक्टर संजय द्विवेदी के मार्गदर्शन में शानदार प्रस्तुति दी। उन्होंने नर्मदाष्टक तथा शंकराचार्य के विभिन्न स्त्रोंतों का मधुर गायन प्रस्तुत किया।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने समारोह में मंचासीन संतों तथा धर्माचार्यों का शाल-श्रीफल से सम्मान कर सपत्नीक आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान कन्या पूजन कर बेटियों का सम्मान किया, पादुका एवं ध्वज पूजन भी किया।

समारोह में स्वामी ज्योतिर्मय आनंद, गोपालदास सच्चा बाबा, जगतगुरू रामललाचार्य, राजगुरू प्रपन्नाचार्य, सनकादिक महाराज, विजय शंकर ब्रम्हचारी पचमठा, स्वामी केशवानंद सहित धर्माचार्य, खनिज विकास निगम के अध्यक्ष श्री शिव चौबे, पिछड़ावर्ग अल्पसंख्यक वित्त विकास निगम के अध्यक्ष श्री प्रदीप पटेल, कर्मकार मंडल के अध्यक्ष श्री सुल्तान सिंह शेखावत, विन्ध्य विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री सुभाष सिंह, सांसद जनार्दन मिश्र, महापौर ममता गुप्ता, पूर्व मंत्री पुष्पराज सिंह, विधायक सिरमौर दिव्यराज सिंह, विद्याप्रकाश श्रीवास्तव, प्रमुख सचिव संस्कृति मनोज श्रीवास्तव तथा हजारों श्रद्धालु एवं आमजन उपस्थित रहे।

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery