ब्यूनस आयर्स। अर्जेंटीना की लापता पनडुब्बी का कोई सुराग नहीं मिला है। एक महीने बाद अब इस मामले में रविवार को नौसेना प्रमुख को पद से बर्खास्त कर दिया गया। सेना के एक अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है। इसके अलावा नौसेना के दो अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को भी पद से हटाया जा चुका है।
नाम जाहिर न करने की शर्त पर एक नौसेनिक अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान रक्षा मंत्रालय ने एडमिरल मर्सेलो सरुर को पद से हटाए जाने का अनुरोध किया था। एडमिरल मर्सेलो को जनवरी 2016 में नौसेना प्रमुख नियुक्त किया था।पनडुब्बी पर चालक दल के 44 सदस्य सवार थे।
माना जा रहा है कि इस पर सवार 43 पुरुष और एक महिला की मौत हो चुकी है। हालांकि, लापता लोगों के परिजन सरकार पर तलाश अभियान लगातार जारी रखने का दबाव बना रहे हैं। ऐसे में आधिकारिक तौर पर अभियान को अभी बंद नहीं किया गया है।
गौरतलब है कि इलेक्ट्रिकल समस्या के चलते पेटागोनिया के तट से दूर यह पनडुब्बी लापता हो गई थी। इसका पता लगाने के लिए चलाया गया अंतरराष्ट्रीय तलाश अभियान अब तक विफल रहा है। इस मामले में सरकार एक आंतरिक जांच आयोग बनाने जा रही है।
आयोग में तीन पनडुब्बी चालक होंगे, जिनमें से एक लापता हुए क्रू मेंबर के पिता हैं। एआरए सैन जुआन दक्षिण अमेरिकी देश की तीन पनडुब्बियों में से एक है, लेकिन इनमें से केवल एक ही चालू अवस्था में है।
स्थानीय मीडिया की रिपोर्टों में नौसेना के सूत्रों के हवाले से बताया गया कि राष्ट्रपति मौरिसियो मैक्री चाहते हैं कि नौसेना के ज्यादातर टॉप अधिकारियों को रिटायर कर दिया जाए।
Comment Now