बालाघाट। कर्ज और बिजली की समस्या से परेशान एक और किसान ने आत्महत्या कर ली है। उसका शव खेत में एक पेड़ से लटका हुआ पाया गया। सुबह जब लोग खेतों में काम करने गए तब उन्होंने शव को देखा और इसके बारे में पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और इस संबंध में मामला दर्ज किया। किसान की पहचान शांति लाल पिता बिसन लाल के रूप में हुई है। उसकी उम्र 45 वर्ष बताई जा रही है।
किसान के परिचितों ने बताया कि उस पर सोसायटी और इलाहाबाद बैंक का कर्ज था। इसके साथ ही काफी समय से उसकी तबियत भी ठीक नहीं चल रही थी जिस कारण से वह कर्ज नहीं चुका पा रहा था। उसने इस बार चने की फसल लगाई लेकिन बिजली न मिलने के कारण फसल को सही वक्त पर पानी नहीं मिल सका जिससे वह खराब हो गई। ग्रामीणों में इस घटना के बाद आक्रोश है और वह किसान के शरीर को सड़क पर रखकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
Comment Now