अहमदाबाद.नरेंद्र मोदी ने गुजरात में सोमवार को चुनाव प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने चार चुनावी सभाएं कींं। राजकोट के जसदण में उन्होंने कहा- "कांग्रेस को एक गरीब के बेटे के प्रधानमंत्री बनने पर दुखी नहीं होना चाहिए। सार्वजनिक जीवन में अच्छे मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए। आए दिन फिर से चाय बिकवाने की धमकी नहीं दी जानी चाहिए। हम चाय तो बेच लेंगे, लेकिन देश नहीं बेचेंगे।" मोदी ने कहा कि कांग्रेस हमेशा गुजरात को बदनाम करती रही है। बता दें कि राज्य में 9 और 14 दिंसबर को वोटिंग होनी है। वहीं, रिजल्ट 18 दिसंबर को आएगा।
नरेंद्र मोदी के स्पीच की 5 अहम बातें
1) मैं इस मिट्टी का बेटा हूं
- जसदण में नरेंद्र मोदी ने कहा- "कांग्रेस मुझे मेरी गरीबी की वजह से नापसंद करती है। क्या कोई पार्टी इतना नीचे गिर सकती है? हां, एक गरीब परिवार से ताल्लुक रखने वाला व्यक्ति प्रधानमंत्री बन गया। वे लोग इस अपमान को छुपा नहीं पा रहे हैं। हां, मैंने चाय बेची लेकिन मैंने देश को बेचने का पाप नहीं किया। हम चाय तो बेच लेंगे, लेकिन देश नहीं बेचेंगे।" बता दें कि मोदी का यह बयान कांग्रेस की मैगजीन में छपे उनके चाय वाला के 'मेमे' के बाद आया।
2) पाटीदारों की विरोधी है कांग्रेस
- पीएम कांग्रेस पर पाटीदारों की राजनीति करने का आरोप लगाया। मोदी ने कहा- " कांग्रेस लंबे वक्त से पाटीदारों का विरोध करते आ रही है। पहले बाबूभाई पटेल को जनसंघ के समर्थन से सीएम बनाया गया था, तब कांग्रेस ने विरोध किया था। इतना ही नहीं जब केशुभाई पटेल सीएम बने तब कांग्रेस ने उन्हें हटाने के लिए सबकुछ किया। ऐसा ही वाकया आनंदीबेन पटेल के सीएम बनने के वक्त दोहराया, जो पटेल कम्युनिटी की बेटी हैं। कांग्रेस हमेशा गुजरात को बदनाम करते रही है।"
3) कांग्रेस ने सरदार वल्लभ भाई पटेल का भी अपमान किया।
- नरेंद्र मोदी ने कहा- " कांग्रेस पार्टी ने सरदार वल्लभ भाई पटेल का भी अपमान किया। उसने मोरराजी देसाई के साथ भी ऐसा ही किया। कांग्रेस हर बार एक जाति को दूसरे खिलाफ खड़ी कर देती है। यही उसकी सोच है। आप लोग उन्हें गुजरात की संस्कृति खत्म नहीं करने दें। मेरा मानना है कि सभी प्रॉब्लम की जड़ विकास है। डेवलपमेंट जारी रहेगा। हम गुजरात के लोगों के लिए और काम करना चाहते हैं।"
4) मनमोहन ने गुजरात में मेरे बारे में बोला झूठ
- मोदी ने कहा- "डॉ. मनमोहन सिंह ने भी गुजरात में आकर यह झूठ कहा था कि वह बतौर मुख्यमंत्री उनसे नर्मदा प्रोजेक्ट को लेकर उनके पीएम रहते कभी नहीं मिले। तो यह झूठ क्या किसी के गले उतरेगा। असल में उन्हें जो लिख कर दिया गया होगा, वह उन्होंने पढ़ दिया था।"
5) नरेंद्र मोदी ने और क्या कहा
- प्रधानमंत्री मोदी ने आम आदमी पार्टी और इसके मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का नाम लिये बिना कहा कि इस पार्टी को लोगों ने बहुत आशा भरी नजरों से देखा था पर इसके नेताओं ने अपशब्द बोलने और
आरोप लगाकर भाग जाने की गलत आदत का सहारा लिया। 100 साल से ज्यादा पुरानी पार्टी कांग्रेस भी ऐसी ही आदत अपना रही है। अब कांग्रेस के बचने की उम्मीद नहीं है।"
मोदी ने चार रैली कीं
- मोदी ने सोमवार को सबसे पहले कच्छ के भुज में, फिर राजकोट के जसदण में, अमरेली के चलाला में और फिर सूरत के पास कादोदारा में रैलियां कीं। बुधवार को भी वह चार चुनावी रैलियों में शामिल होंगे।
भुज में मोदी ने कहा- समझ नहीं आता कांग्रेस आतंकी हाफिज की रिहाई पर क्यों ताली ठोक रही है
- राहुल गांधी का नाम लिए बगैर मोदी ने कहा कि समझ नहीं आता है कि पाकिस्तान में आतंकी हाफिज सईद की रिहाई पर कांग्रेस क्यों ताली ठोक रही है। सईद की रिहाई पर राहुल ने ट्वीट कर केंद्र सरकार पर निशाना साधा था। सोमवार को गुजरात पहुंचे मोदी ने आशापुरा देवी के दर्शन किए। इसके बाद भुज की रैली में कहा कि कीचड़ उछालने के लिए कांग्रेस का आभारी हूं। कांग्रेस ने जितना कीचड़ उछाला है, उससे अब कमल का खिलना आसान हो गया है।
Comment Now