अहमदाबाद. गुजरात में चुनाव प्रचार के लिए नरेंद्र मोदी सोमवार को गुजरात पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने आशापुरा देवी के दर्शन किए। उन्होंने लोगों से हाथ भी मिलाया। भुज की रैली में मोदी ने कहा कि कीचड़ उछालने के लिए कांग्रेस का आभारी हूं। कांग्रेस ने जितना कीचड़ उछाला है, उससे अब कमल का खिलना आसान हो गया है। भुज के बाद मोदी गुजरात में 3 रैलियां और करेंगे। इसके बाद वे 29 नवंबर को फिर से प्रचार की कमान संभालेंगे। गुजरात में 9 और 14 दिसंबर को दो फेज में चुनाव हैं। नतीजे 18 दिसंबर को आएंगे।
अटलजी बोले और कच्छ में मदद के लिए उतर गया
- भुज में मोदी ने कहा, ''मैंने आशापुरी में मां से आशीर्वाद लिया। गुजरात में 182 सीटों पर चुनाव होने वाले हैं। विपक्ष ने हम पर कीचड़ उछाला। मैं कीचड़ उछालने वालों का दिल से आभार मानता हूं। अब कीचड़ में कमल खिलाना आसान है।''
- "गुजरात के कोने-कोने में आशीर्वाद लेने के लिए निकला हूं। कांग्रेस वालों गुजरात तुम्हें कभी माफ नहीं करेगा। सरदार पटेल के जमाने में कांग्रेस ने गुजरात को पीछे धकेला।"
- "कांग्रेस ने हमेशा गुजरात के प्रति बैर का भाव रखा। 30 साल पहले कोई सोच नहीं सकता था कि यहां मां नर्मदा का पानी मिलेगा। कच्छ में पानी की कमी की वजह से लोगों को पलायन तक करना पड़ा।"
- "कच्छ की हालत ऐसी थी कि कोई यहां नौकरी करने के लिए भी तैयार नहीं था। कुछ साल पहले कच्छ में भीषण भूकंप आया। अटल बिहारी वाजपेयी जी ने मुझसे कहा कि तुम्हें अब काम करना है। मैं सीएम बना और कच्छ के लोगों की मदद के लिए मैदान में उतर गया।"
- मोदी ने कहा, "विकास हमारी सरकार का मूल मंत्र रहा है। कोई ऐसी कल्पना कर सकता था कि यहां खेती होगी। एक तरफ रेगिस्तान है तो दूसरी ओर पाकिस्तान। आज ये कच्छ कृषि क्षेत्र है। मैं यहां के किसानों के लिए सबसे पहले सॉइल हेल्थ कार्ड स्कीम लेकर आया।"
- "हमने कच्छ के रेगिस्तान में केसर खिला दिया। पहले तो केसर जम्मू-कश्मीर में होता था।"
- "कच्छ को हमने टूरिज्म स्पॉट और हैंडीक्राफ्ट का गढ़ बनाया। अब दुनिया के लोग कहते हैं कि कच्छ नहीं देखा तो कुछ नहीं देखा। एक बार विकास के साथ चलिए, हम वंशवाद को पीछे छोड़ देंगे।"
- मोदी ने कहा, "कांग्रेस में एक ही परिवार के नेता अध्यक्ष बनते हैं। कोई दूसरा नेता उभरकर सामने नहीं आता है। जो सिर्फ परिवार की सोचेगा, वो देश के लिए क्या काम करेगा।"
- "डोकलाम में हमने 71 दिन तक चीन से आंख से आंख मिलाकर बात की। PoK में सर्जिकल स्ट्राइक की। उड़ी हमले के बाद हिन्दुस्तान की सेना ने आतंकियों को घर में घुसकर मारा। अखबारों में खबरें छपी थीं कि ट्रक भर-भरकर लाशें ले जाई गईं। लोग इसके सबूत मांगते थे, हमारे जवान वहां सर्जिकल स्ट्राइक करने गए थे न कि फिल्म बनाने।"
- "अब पाकिस्तान ने आतंकी हाफिज सईद को छोड़ दिया तो विपक्ष हम पर उंगली उठा रहा है।"
- मोदी के मुताबिक "नोटबंदी का एक साल पूरा हो चुका है। जीएसटी की मीटिंग में कांग्रेस के नेता भी शामिल हुए थे। उन्होंने 100% समर्थन देने की बात कही, लेकिन बाहर आकर पलट गए। कांग्रेस जीएसटी के खिलाफ हो गई।"
- "विकास हमारा मंत्र है। मैं जब छोटा था, तब से रो रो फेरी सर्विस शुरू करने की बातें सुनता था। इतने सीएम आए, लेकिन अब बीजेपी सरकार ने इसे शुरू किया।"
- भुज के बाद वे सौराष्ट्र के जसदण (राजकोट) जाएंगे और विछिया रोड पर एक सभा को संबोधित करेंगे।
- इसके बाद मोदी अमरेली के चलाला स्थित गायत्री मंदिर मैदान में एक सभा को संबोधित करेंगे।
- मोदी की आखिरी रैली सूरत के कडोदरा के हनुमान मंदिर में होगी।
Comment Now