Friday, 23rd May 2025

रोहतक और जींद की रैली के बाद हरियाणा के सभी 11 जिलों में इंटरनेट सेवाएं शुरू

Mon, Nov 27, 2017 4:05 AM

जींद/रोहतक. रोहतक के जसिया में जाट नेता यशपाल मलिक और जींद में सांसद राजुकमार सैनी की रैलियों के बाद शाम 6 बजे सभी 11 जिलों में इंटरनेट सेवाएं बहाल हो गई। हिंसा की आशंका को देखते हुए सोनीपत से जींद और गोहाना से रोहतक के बीच बस सर्विस बंद कर दी गई थी। विवाद के बीच शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई दोनों रैलियां...

 

- रोहतक के जसिया में जाट नेता यशपाल मलिक की रैली थी। उन्होंने कौशल विकास केंद्र का भूमि पूजन किया। इस रैली में इनेलो विधायक अभय चौटाला व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह पहुंचे।

- रैली का विरोध कर रहे यशपाल मलिक के विरोधी गुट के लोग मकड़ौली टोल प्लाजा के सामने धरने पर बैठे रहे।

दूसरी रैली
- जींद में ओबीसी सांसद राजुकमार सैनी महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि पर समानता महासम्मेलन किया।

- विरोध के बावजूद सांसद राजकुमार सैनी जींद रैली में पहुंचे।

- नई पार्टी न बनाकर सांसद सैनी ने 31 सदस्यों की कमेटी का गठन किया है। जो लोगों के बीच जाकर फीडबैक लेगी। इसके बाद ही आगे की रणनीति बनाई जाएगी।

- सांसद ने कहा कि यदि जनता उन्हें राजनीति दल बनाने के लिए कहेगी तो समाज के हकों को लड़ने के लिए वे दल बनाएंगे।

- सांसद सैनी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इस देश की बागडोर उन लोगों के हाथों में रही है, जिनका देश की गरीबी से कोई वास्ता नहीं था। राष्ट्रपिता ने देश की बागडोर उन लोगों के हाथों में छोड़ दी। इन लोगों ने हमेशा से गरीबो को योजनाओं में अनाज बांटकर बहकाकर रखा और उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया। कांग्रेस ने 60 साल राज किया, 12 बार हमने कांग्रेस बनाकर दी लेकिन उन्होंने सिर्फ लोगों को गुमराह किया।

- सांसद ने कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर भी तंज कसते हुए कहा कि हुड्डा ने 10 साल तक राज किया। उन्हें तब किसानों और बेरोजगारों की याद क्यों नहीं आई। तब आपके किस ने हाथ पकड़े थे, लेकिन आज कौन सी जादू की छड़ी है जो आपका विश्वास करें।

- सांसद सैनी ने इनेलो पर निशाना साधते हुए कहा कि आज ओमप्रकाश चौटाला गरीबों का हक मारकर जेल में बंद हैं। वे कहते हैं कि नौकरी देना गुनाह है तो मैं 100 बार जेल जाने को तैयार हूं। सांसद ने तंज कसते हुए कहा कि किसी सहीं आदमी का हक मारकर अपने लोगों को नौकरी दोगे तो 100 बार ही जेल जाओगे।

- सांसद ने इनेलो विधायक अभय चौटाला पर राजनीति करने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि अभय को दादूपुर नलवी नहर से कोई लेना देना नहीं है। वे सिर्फ राजनीति कर रहे हैं। एसवाईएल पर भी वे राजनीति कर रहे हैं। यदि पानी ही लाना था तो तब लाते जब यहां आपकी सरकार थी और पंजाब में भी आपकी सरकार थी।

किस रैली में कौन पहुंचा?

जसिया
- इंटरनेशनल शूटर प्रकाशी तोमर, सीमा तोमर, अमेरिका से आए प्रवीण तोमर और कनाडा से आए सरदार बलबीर सिंह समेत विदेश से आए 150 मेहमान स्टेज पर पहुंचे।
- हरियाणा के नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला और अन्य राजनीतिक हस्तियां भी रैली में पहुंचीं।

जींद
- सैनी की रैली में करीब 40 हजार लोग पहुंचे।

पैरामिलिट्री फोर्स की 25 कंपनियां मांगी
- जींद के हुड्डा मैदान में रैली स्थल पर लोग पहुंचने शुरू हो गए हैं। यहां पुलिस की 10 कंपनियां तैनात की गई हैं। 
- हरियाणा सरकार ने केंद्र से पैरामिलिट्री फोर्स की 25 कंपनियों की डिमांड की है।

11 जिलों में इंटरनेट हुआ था बंद
- दोनों रैलियों को देखते हुए राज्य के 11 जिलों- जींद, हिसार, फतेहाबाद, करनाल, पानीपत, कैथल, रोहतक, सोनीपत, झज्जर, भिवानी और चरखी दादरी में मोबाइल इंटरनेट बंद कर दिया गया था। यह ऑर्डर शुक्रवार से लागू किया गया था। हालात, बिगड़े तो इसे आगे बढ़ाया जा सकता है।

यशपाल के विरोध में 21 लोगों ने दी गिरफ्तारी

- जसिया में यशपाल की रैली का शुक्रवार से ही विरोध हो रहा है। शनिवार को भी यहां सर्वखाप पंचायत, कुछ गांवों के सरपंचों और जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान जेल में रहे युवाओं ने मकड़ौली टोल प्लाजा पर प्रदर्शन किया। केंद्रीय मंत्री चौ. बीरेंद्र सिंह और जाट नेता यशपाल मलिक का पुतला फूंका।

- जसिया जा रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने ब्राह्मणवास के पास नाका लगाकर रोक लिया। उनकी पुलिस से बहस और झड़प हो गई। इसके बाद 7 सरपंचों समेत 21 लोगों ने गिरफ्तारी दी। इन्हें रैली होने के बाद जमानत पर छोड़ा जाएगा।

कौन हैं राजकुमार सैनी?
- कुरुक्षेत्र से बीजेपी के सांसद राजकुमार सैनी जाट आरक्षण आंदोलन में हुई हिंसा के बाद लाइम लाइट में आए थे। 
- उन्होंने जाटों के खिलाफ 35 ओबीसी बिरादरियों को एकजुट किया है। इनके लिए आरक्षण की मांग कर रहे हैं। वे जाट कम्युनिटी पर लगातार विवादित बयान देते रहे हैं।

कौन हैं यशपाल मलिक?
- यूपी के जाट नेता यशपाल मलिक ने जाट आरक्षण संघर्ष समिति बना रखी है। वे जाट आंदोलन के दौरान वे एक्टिव हुए थे। 
- वे यूपी के साथ-साथ हरियाणा में भी वे जाट कम्युनिटी के नेता बने हुए हैं और इन्हें आरक्षण देने की मांग करते रहे हैं।

कौन हैं संदीप भारती?
- संदीप भारती जाट कम्युनिटी से हैं। उन्होंने आजाद किसान मिशन के नाम से एक संगठन बना रखा है। 
- इस संगठन में ज्यादातर जाट युवा हैं। संदीप ने सांसद सैनी के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ है।

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery