अहमदाबाद. राहुल गांधी शुक्रवार को गुजरात के पोरबंदर पहुंचे। दो दिन के दौरे में वे 10 रैलियां करेंगे। साथ ही दलित शक्ति केंद्र भी जाएंगे। इस दौरान उन्हें देश का सबसे बड़ा राष्ट्रीय ध्वज सौंपा जाएगा। ये तिरंगा 125 फुट चौड़ा और 83.3 फुट ऊंचा है। शक्ति केंद्र के मुताबिक राहुल देश को छुआछूत से मुक्त कराने का वादा करेंगे। गुजरात में 7% दलित वोटर हैं। गुजरात में 9 और 14 दिसंबर को विधानसभा का 2 फेज में चुनाव है। 18 को नतीजे आएंगे।
- राहुल ने गुजरात दौरे की शुरुआत पोरबंदर में महात्मा गांधी के घर से की। उन्होंने कहा, "अमित शाह के बेटे ने काफी पैसा बनाया। कंपनी को 50 हजार से 80 हजार करोड़ तक पहुंचा दिया।"
- "गुजरात में जीएसटी, नोटबंदी, भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी जैसे मुद्दों को उठाएंगे।"
- बता दें कि राहुल पाटीदारों के गढ़ कहे जाने वाले निकोल में भी एक रैली करेंगे।
राहुल की सभाएं
24 नवंबर: पोरबंदर, साणंद
25 नवंबर: दहेगाम, बायड, दाहोद, लुणावाड़ा, संतरामपुर
- गुजरात में बीजेपी को जीत दिलाने के लिए नरेंद्र मोदी 27 नवंबर से मोर्चा संभाल लेंगे। वे दो दिन में 8 रैलियां करेंगे। ये रैलियां 27 और 29 नवंबर को होंगी।
- इसके अलावा मोदी कैबिनेट के ज्यादातर मंत्री भी पार्टी के लिए वोट मांगेंगे। बीजेपी ने इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी है।
- बीजेपी 50 मंत्रियों के पूरे दमखम के साथ कैम्पेन में उतरेगी। सभी केंद्रीय मंत्री और कुछ राज्यों के सीएम, डिप्टी सीएम भी गुजरात में 26 और 27 नवंबर को चुनाव प्रचार करेंगे।
- इनमें मुख्य रूप से राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, अरुण जेटली, सुषमा स्वराज, स्मृति ईरानी, धर्मेंद्र प्रधान और पीयूष गोयल शामिल हैं।
- मुख्यमंत्रियों में योगी आदित्यनाथ, वसुंधरा राजे, शिवराज सिंह चौहान, देवेंद्र फडणवीस, शामिल हैं। दूसरी ओर अमित शाह 26 नवंबर की शाम से सभी स्टार प्रचारकों के साथ 89 विधानसभा में सभाएं करेंगे।
Comment Now