Thursday, 22nd May 2025

कांग्रेसियों पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज, एक की पसली में चोट, दूसरा गंभीर घायल

Fri, Nov 24, 2017 2:40 AM

भोपाल। मध्य प्रदेश में लगातार बिगड़ रही कानून-व्यवस्था के विरोध में गुरुवार को सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह का बंगला घेरने निकले थे। लेकिन, सुरक्षा व्यवस्था में लगी पुलिस ने शिवाजी चौक के पास उन्हें रोक लिया। इससे नाराज कांग्रेसियों की पुलिस से झड़प हो गई। कांग्रेसियों के तेवर देख पुलिस ने उन्हें मौके से खदेडऩे के लिए पहले लाठीचार्ज किया, इसके बाद वॉटर कैनन का इस्तेमाल कर उन्हें खदेड़ा।

 

 

पुलिस ने किया लाठी चार्ज
कांग्रेसियों को उग्र होता देख पहले पुलिस ने लाठीचार्ज किया, लेकिन कांग्रेसी पुलिसकर्मियों को धक्का देते हुए आगे बढ़ गए। इस दौरान कुछ कार्यकर्ता बैरिकेड्स पर भी चढ़ गए थे, जिन्हें नीचे उतारने के लिए पुलिसकर्मियों ने बल प्रयोग किया। सैकड़ों की संख्या में मौके पर मौजूद कांग्रेसियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। अंत में कांग्रेसियों को हटाने के लिए पुलिस ने वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया।

कांग्रेस कार्यकर्ता की पसलियों में आई चोट
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों पर पुलिस ने जमकर लाठियां भांजी। पुलिस की लाठियों से जिला उपाध्यक्ष सूरज तिवारी की पसलियों में चोट आई है, जिन्हें आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, कांग्रेस कार्यकर्ता रोहित तिवारी को भी गंभीर चोट की वजह से अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है।

घायल कार्यकर्ता ने बताया...

घायल रोहित ने बताया कि, प्रदेश की बिगड़ी कानून व्यवस्था और पुलिसिया जंगलराज के खिलाफ हम गृहमंत्री से इस्तीफे की मांग करते हुए उनके निवास की ओर शांतिपूर्वक बढ़ रहे थे। शिवाजी चौक के पास पुलिस ने हमें रोक लिया, जबकि हमारा विरोध करना लोकतांत्रिक अधिकार है। इससे पहले कि हम कुछ समझ पाते पुलिस ने हम पर लाठीचार्ज कर दिया और इसके तुरंत ही वॉटर कैनन से पानी बरसा दिया।

घायल कार्यकर्ता ने कहा
अस्पताल में भर्ती सूरज तिवारी ने कहा कि हम भाजपा सरकार की बर्बरता से नहीं डरेंगे। भाजपा सरकार ने भोपाल समेत प्रदेशभर में कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाई हैं। इस पर अब हम चुप नहीं रहेंगे। भाजपा सरकार के रहते हुए भोपाल में एक महीने के अंदर गैंगरेप और महिला अपराध के कई मामले सामने आए हैं। कांग्रेस महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारी के लिए लड़ रही है।

गृहमंत्री से मांग इस्तीफा
प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी दीपक बाबरिया और कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव भी मौजूद थे। रैली का प्रतिनिधित्व कर रहे अरुण यादव ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराध बढ़ते जा रहे हैं। इससे साफ है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बिगड़ती ही जा रही है। प्रदेश के गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह को यह स्वीकार कर लेना चाहिए कि, वे कानून व्यवस्था नहीं संभाल पा रहे। अपनी इस नाकामी को गंभीरता से लेते हुए उन्हें खुद ही इस्तीफा दे देना चाहिए।

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery