भोपाल। ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने जिला पुलिस द्वारा आरटीओ को सौंपी गई अपराधियों की सूची में शामिल दो आतंकियों की जानकारी पुलिस के जिम्मेदार अधिकारियों को भी नहीं है। सूची सौंपने के अगले दिन भी बुधवार को पुलिस अधिकारियों ने इस मामले में कोई भी जानकारी होने से इनकार किया। वहीं आरटीओ को सूची सौंपने वाले एसपी मुख्यालय राजेश चंदेल ने दोनों आतंकियों से संबंधित सभी दस्तावेज एटीएस द्वारा ले जाए जाने की जानकारी देते हुए खुद को मामले से अलग कर लिया।
गौरतलब है कि एसपी मुख्यालय द्वारा मंगलवार को 238 अपराधियों की सूची आरटीओ को सौंपी गई थी। सूची में पहले दो नाम बरखेड़ी निवासी मोहम्मद अकरम और अहमद कलाम के थे, जिन्हें आतंकी बताया गया था। दोनों नामों को लेकर जब पुलिस से जानकारी चाही गई तो डीआईजी तक ने जानकारी होने से इनकार कर दिया था।
बुधवार को इस मामले में एएसपी धर्मवीर यादव को बताया गया कि उनके क्षेत्र बरखेड़ी के दो लोग आतंकी हैं, जिनके नाम आरटीओ की दी गई सूची में शामिल हैं। इस पर उनका कहना था कि उनकी जानकारी में ऐसा कोई मामला नहीं है। वहीं एएसपी ट्रैफिक महेंद्र जैन का कहना था कि उनसे हाल ही में सूची मांगी गई थी। उन्होंने इस साल के मोटर व्हीकल एक्ट के तहत बनाए गए प्रकरणों की सूची भेजी थी।
इसके अलावा उन्हें कोई जानकारी नहीं है। वहीं सीएसपी जहांगीराबाद भरतेंदु शर्मा ने भी जानकारी होने से इनकार
किया। इस स्थिति में पुलिस की कार्रवाई पर ही सवाल खड़े हो गए हैं। दूसरे दिन 18 लाइसेंस निरस्त इधर परिवहन विभाग ने बुधवार को पुलिस से मिली सूची के आधार पर 18 लोगों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त कर दिए।
Comment Now