नई दिल्ली.कांग्रेस की ऑनलाइन मैगजीन ‘युवा देश’ ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक अपमानजनक मीम MEME अपने टि्वटर हैंडल पर पोस्ट किया। इस MEME में मोदी के साथ अमेरिकी प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रम्प और ब्रिटिश प्राइम मिनिस्टर थेरेसा मे भी नजर आती हैं। इसके साथ जो बातें कोट की गई हैं वो अपमानजनक हैं। इस पोस्ट के कुछ देर बाद गुजरात के सीएम विजय रूपाणी ने पूछा- क्या राहुल गांधी देश के मुखिया के बारे में इस तरह की बातों को मंजूरी देते हैं? हालांकि, कुछ देर बाद युवा देश के ट्विटर हैंडल से यह ट्वीट डिलीट कर दिया गया।
- युवा देश मैगजीन के इस MEME में मोदी डोनाल्ड ट्रम्प और थेरेसा मे से बातचीत करते नजर आते हैं। मोदी के फोटो के ऊपर लिखा गया है, ‘आप लोगों ने देखा विपक्ष मेरे कैसे-कैसे मेमे बनवाता है?’
- इसके बाद ट्रम्प के फोटो के ऊपर लिखा गया, ‘उसे मेमे नहीं मीम’ कहते हैं।
- फोटो में सबसे दाएं ब्रिटेन की पीएम थेरेसा मे हैं। उनके फोटो के ऊपर लिखा गया, ‘तू चाय बेच’।
- बता दें कि मोदी ने 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान कई बार खुद को चाय बेचने वाला बताया था। कांग्रेस इस पर कई बार तंज कस चुकी है।
- ‘युवा देश’ भारतीय युवा कांग्रेस की ऑनलाइन मैगजीन है। उसने ही मोदी का यह MEME ट्वीट किया था। बाद में इसे डिलीट कर दिया गया।
- जैसे ही कांग्रेस की मैगजीन का MEME वाला ट्वीट वायरल हुआ। गुजरात के सीएम विजय रूपाणी ने भी ट्वीट किया और इस पर राहुल गांधी को टैग करते हुए उनसे जवाब मांगा। रुपाणी ने लिखा- यह गरीबों के खिलाफ कांग्रेस के नजरिए को दिखाता है। क्या क्राउन प्रिंस (राहुल गांधी को टैग करते हुए) इसका समर्थन करते हैं?
- जम्मू- कश्मीर के पूर्व सीएम उमर अबदुल्ला ने भी ट्वीट पर रिएक्शन दिया। उन्होंने कहा- इस तरह की गलतियां करके क्या कांग्रेस सियासी खुदकुशी नहीं कर रही है? यह हकीकत में बेहद घटिया ट्वीट है।
- यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस ने मोदी के चाय बेचने पर तंज कसे हैं। जनवरी 2014 में लोकसभा चुनाव के पहले कांग्रेस के सीनियर लीडर मणिशंकर अय्यर ने मोदी के खुद को चाय बेचने वाला बताए जाने पर कमेंट किया था। उन्होंने कहा था- मोदी कभी इस देश के प्रधानमंत्री नहीं बन सकते। अगर वो चाहें तो यहां आकर कांग्रेस के लोगों को चाय जरूर पिला सकते हैं।
- मोदी ने लोकसभा कैंपेन के दौरान अय्यर के इस तंज को एक तरह से कैश कर लिया था। मोदी ने कहा था- ऐसे शख्स को बर्दाश्त करना सीखिए जो पिछड़ी जाति से आता हो। बाद में बीजेपी ने ‘चाय पे चर्चा’ के नाम से नुक्कड़ सभाएं भी की थीं।
- कुछ दिन पहले गुजरात में राहुल गांधी ने कहा था कि उन्होंने पार्टी नेताओं से कहा है कि वो मोदी पर गलत कमेंट ना करें क्योंकि वो देश के प्रधानमंत्री हैं।
- आमतौर पर एक फोटो पर व्यंग्य के अंदाज में कैप्शन लिखे जाते हैं। इनके जरिए ये बताने की मजाकिया कोशिश होती है कि एक या कई लोगों के बीच जो कैप्शन दिए गए हैं, वही बातचीत हुई है।
Comment Now