गुजरात के अक्षरधाम मंदिर पहुंचे राहुल गांधी, कहा- GST को सिम्पल बनाया जाए
Sat, Nov 11, 2017 5:59 PM
अहमदाबाद/गांधीनगर.कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार को अहमदाबाद पहुंचे। सबसे पहले वे यहां के अक्षरधाम मंदिर गए। इससे पहले उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा- "जीएसटी में एक रेट और इसे सिम्पल टैक्स बनाया जाए। राहुल उत्तर गुजरात के तीन दिन के चुनावी दौरे पर हैं। यहां के जिलों में सभाएं और सीधे संवाद के अलावा शक्तिपीठ अंबाजी समेत कई मंदिरों में दर्शन भी करेंगे। राहुल का यह दौरा नवसर्जन गुजरात यात्रा के तहत हो रहा है। बता दें कि राज्य में 9 और 14 दिसंबर को वोट डाले जाएंगे।
राहुल गांधी ने जीएसटी रेट में की गई कटौती पर क्या कहा?
- राहुल गांधी ने कहा, "बीजेपी के जीएसटी को हम गब्बर सिंह टैक्स कहते हैं। हम चाहते हैं उसमें स्ट्रक्चरल बदलाव आए। फंडामेंटल चेंज आए। अच्छी बात है कि कई आइटम्स को 28% स्लैब से निकाला है। हम चाहते हैं कि सिंपल टैक्स हो। एक टैक्स रेट हो।"
जीएसटी पर राहुल ने शुक्रवार को ट्वीट कर 3 सुझाव दिए थे।
1. "जीएसटी आर्किटेक्चर में फंडामेंटल सुधार किया जाए ताकि देश को एक सिंपल टैक्स मिल सके।"
2. "बयानबाजी कर देश का वक्त बर्बाद न करें।"
3. "अपनी नाकाबिलियत मानें, घमंड को दूर करें और भारत के लोगों की बात सुनें।"
राहुल गांधीनगर के चिलोड़ा जाएंगे
- गुजरात के कांग्रेस प्रवक्ता मनीष दोषी ने बताया- "राहुल अहमदाबाद हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे और वहां से गांधीनगर के चिलोडा से यात्रा शुरू करेंगे। इसके बाद अंबाजी मंदिर में दर्शन करेंगे। यहीं रात में रुकेंगे। इस दौरान वह बेचराजी मंदिर समेत कई दूसरे मंदिरों में भी दर्शन-पूजा करेंगे। उनका यह दौरा 13 नवंबर को महेसाणा के विसनगर में खत्म होगा। यह वही जगह है, जहां जुलाई 2015 में पाटीदार आरक्षण आंदोलन की शुरुआत हुई थी। वे महेसाणा में व्यापारियों को भी संबोधित करेंगे।
- वे छह जिलों गांधीनगर, साबरकांठा, बनासकांठा, पाटण, अरवल्ली और महेसाणा का दौरा करेंगे।
उत्तर गुजरात की 32 सीट पर नजर
- उत्तर गुजरात कांग्रेस का गढ़ है। यहां की 32 सीट में से 17 सीट कांग्रेस के पास हैं। बता दें कि गांधी का यह दौरान पहले नौ से 11 नवंबर तक होने वाला था। हिमाचल प्रदेश चुनाव के चलते इसे दो दिन के लिए टाल दिया गया।
राहुल कब-कब गुजरात गए
- राहुल गुजरात में नवसर्जन यात्रा निकाल रहे हैं। अभी तक इसके तीन फेज पूरे हो चुके हैं। यह चौथा फेज है। इसकी शुरुआत द्वारका के मंदिर से पूजा-अर्चना के बाद 25 सितंबर को हुई थी।
- इससे पहले राहुल 25 से 27 सितंबर तक सौराष्ट्र के पांच जिलों में यात्रा का पहला फेज, 9 से 11 अक्टूबर तक मध्य गुजरात के छह जिलों में दूसरा फेज, एक से तीन नवंबर तक दक्षिण गुजरात के छह जिलों में तीसरा फेज पूरा कर चुके हैं।
- 23 अक्टूबर को वे अहमदाबाद पहुंचे थे।
राहुल के मोदी पर पांच तंज
1) हिंदुस्तान में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस नहीं है, नोटबंदी और जीएसटी ने सब बर्बाद कर दिया।
2) गुजरात में उद्योगपतियों की सरकार है। नैनो के लिए मोदी ने 33000 करोड़ रुपए दिए। लगभग फ्री में।
3) चीन में हर दिन 50 हजार युवा रोजगार पाते हैं। यहां मेक इन इंडिया 450 को रोजगार देता है। देश में जो भी बिकता है, उसके पीछे मेड इन गुजरात, मेड इन इंडिया नहीं, मेड इन चाइना दिखता है। यहां अच्छी शिक्षा के लिए 10-15 लाख रुपए की जरूरत है। प्राइवेट कॉलेज में गरीब जा नहीं सकता।
गुजरात में क्या है जातिगत वोट
20% पाटीदार
09% मुस्लिम
20% सवर्ण
30% ओबीसी
10% एससी+एसटी
गुजरात में दो फेज में इलेक्शन
- गुजरात की 182 विधानसभा सीटों के लिए इस बार दो फेज में चुनाव है। 9 और 14 दिसंबर को वोट डाले जाएंगे। वहीं, रिजल्ट 18 दिसंबर को आएगा। अहम मुकाबला कांग्रेस और बीजेपी में है। बीजेपी यहां 19 साल से लगातार सत्ता में है।
Comment Now