गोड्डा। केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि देश में कुछ लोगों ने जनसंख्या वृद्धि का ठेका ले रखा है। जनसंख्या वृद्धि की वजह से देश में विकास नहीं दिख रहा है। यहां हर वर्ष 20-30 मॉरीशस पैदा हो रहे हैं। विकास दिखने के लिए यह जरूरी है कि देश में जनसंख्या वृद्धि पर रोक लगे।
हर जगह से इसके लिए आवाज उठनी चाहिए। युवराज का भी ध्यान इस ओर जाना चाहिए। केवल कलावती के यहां जाकर गरीबी देखने से नहीं होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीबी देखी है और वे गरीबों के जीवनस्तर को उन्नत करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
मेहरमा प्रखंड (गोड्डा, झारखंड) के धमड़ी में मंगलवार को कन्नौज इत्र संस्थान के एक्सटेंशन सेंटर की आधारशिला रखने के बाद मंत्री ने यह बात कही। उन्होंने आगे कहा कि अब गाय, गोमूत्र व गोबर से खुशहाली आएगी। बिहार के नवादा में इसके लिए मॉडल प्रोजेक्ट शुरू किया गया है।
सिंह ने कहा कि जो गाय दूध नहीं दे सकती है और बछड़ा भी नहीं दे सकती है, वह भी माह में माह में सात-आठ हजार रुपए दे सकती है। इससे पूर्व सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि 70 वर्षो से देश में गरीबों व किसानों की बात हो रही है, लेकिन उनकी दशा सुधारने के लिए आज तक किसी ने भी पहल नहीं की।
Comment Now