मध्यप्रदेश के सतना जिले के 61-चित्रकूट विधानसभा उप चुनाव में मतदान की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई है। उप चुनाव के लिए मतदान 9 नवम्बर को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। उप चुनाव के लिए प्रचार आज शाम 5 बजे से थम गया है।
उप चुनाव में 12 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होगा। इनमें 10 पुरूष और 2 महिला उम्मीदवार है। मतदान में निर्वाचन क्षेत्र के एक लाख 98 हजार 122 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इनमें एक लाख 6 हजार 390 पुरूष, 91 हजार 730 महिला और 2 थर्ड जेंडर शामिल है। सभी 257 मतदान केन्द्रों के लिए एक हजार 28 मतदान कर्मी तैनात किये गये है। चित्रकूट उप चुनाव में ईवीएम के साथ वीवी.पैट मशीन भी लगाई जायेंगी, ताकि मतदाता देख सके कि उन्होंने जो वोट दिया है, वह सही है या नही, इसके लिए उन्हें 7 सेंकण्ड का समय मिलेगा। एक मतदान कर्मी वीवीपैट के लिए भी लगाया गया है। मतदान में 385 ईवीएम और 382 वीवीपैट लगाई जा रही है। केन्द्रीय अर्ध सैनिक बल की 9 कम्पनी निर्वाचन क्षेत्र में सुरक्षा का मोर्चा सम्हालेगी। मध्यप्रदेश एसएएफ कंपनी के अलावा स्थानीय पुलिस बल भी क्षेत्र में तैनात रहेगा।
मतदान के पहले मतदान केन्द्रों पर सुबह उम्मीदवारों के मतदान अभिकर्ता की उपस्थिति में मॉक पोल होगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती सलीना सिंह ने चित्रकूट क्षेत्र के मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि 9 नवम्बर को निर्वाचन क्षेत्र में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। मतदान समाप्ति के समय शाम 5 बजे से 48 घंटे पहले अर्थात आज शाम से क्षेत्र में शराब की बिक्री एवं वितरण पर रोक लगा दी गई है। उत्तर प्रदेश से जोड़ने वाली बार्डर भी सील कर दी गई है।
एक्जिट और ओपेनियन पोल प्रतिबंधित
भारत निर्वाचन आयोग ने चित्रकूट विधानसभा उप चुनाव के लिए 9 नवम्बर को होने वाले मतदान के दिन सुबह 9 बजे से शाम 5.30 बजे की अवधि के दौरान एक्जिट पोल के संचालन, प्रकाशन या प्रसारण को प्रतिबंधित कर दिया है।
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि मतदान समाप्ति के समय शाम 5 बजे के पूर्व 48 घंटे के दौरान ओपेनियन पोल पर भी प्रतिबंध रहेगा। इस अवधि में उप निर्वाचन संबंधी मामले का ओपेनियन पोल या अन्य किसी पोल सर्वे के परिणामों का इलेक्ट्रॉनिक चैनल से प्रदर्शन करने पर प्रतिबंध रहेगा।
Comment Now