जापान पहुंच ट्रम्प फिर बोले- नॉर्थ कोरिया पर धैर्य दिखाने का समय खत्म
Tue, Nov 7, 2017 7:07 PM
टोक्यो/सियोल.अमेरिकी प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रम्प 11 दिन के एशियाई देशों के दौरे पर हैं। सोमवार को जापान में लगातार दूसरे दिन उन्होंने नॉर्थ कोरिया को चेतावनी दी। ट्रम्प ने कहा कि नॉर्थ कोरिया के खिलाफ अब रणनीतिक धैर्य दिखाने का समय खत्म हो गया है। नॉर्थ कोरिया का न्यूक्लियर प्रोग्राम विश्व सभ्यता, अंतरराष्ट्रीय शांति और स्थिरता के लिए खतरा है। ट्रम्प का यह बयान नॉर्थ कोरिया के खिलाफ सभी विकल्पों पर विचार करने की नीति को जापान से समर्थन मिलने के बाद आया है। जापान ने किया और प्रतिबंधों का एलान...
- इससे पहले ट्रम्प ने एक इंटरव्यू में कहा कि मैं हर किसी के साथ बैठ सकता हूं। मैं इसे कमजोरी या मजबूती नहीं मानता। लोगों के साथ उठना-बैठना गलत बात नहीं है। तो मैं निश्चित रूप से इसके लिए खुला हूं, लेकिन हमें यह देखना होगा कि हम कहां बात करने जा रहे हैं।
- वहीं, जापान के पीए शिंजो आबे ने कहा कि हम 100% किसी भी विकल्प पर अमेरिका के साथ हैं। उ. कोरिया से बात करने के लिए और 20 साल इंतजार नहीं कर सकते हैं। आबे ने 35 कोरियाई समूहों और लोगों की संपत्तियों पर प्रतिबंध लगाए जाने की भी घोषणा की।
साउथ कोरिया ने नॉर्थ कोरिया के 18 बैंकरों पर प्रतिबंध लगाए
ट्रम्प के दौरे से एक दिन पहले साउथ कोरिया ने नॉर्थ कोरिया के 18 बैंकरों पर बैन लगा दिए हैं। सरकारी वेबसाइट ने कहा कि रूस, चीन और लीबिया में ये बैंकर काम कर रहे हैं। ये हथियारों के लिए फंड मुहैया कराते हैं।
जंग के डर से जापान में लोग बंकर खरीद रहे
नॉर्थ कोरिया के न्यूक्लियर अटैक के डर से जापान में अचानक बंकर के कारोबार ने जोर पकड़ लिया है। बड़ी संख्या में लोग बंकर खरीद रहे हैं। जापानी कंपनियां इस डर का भरपूर फायदा उठा रही हैं। वे तरह-तरह की बंकर वाली इमारतें बना रही हैं। एक शेल्टर कंपनी के डायरेक्टर निशिमोटो कहते हैं शेल्टर मार्केट में 10 गुना से ज्यादा उछाल आया है।
Comment Now