पटेल की धरती से कश्मीर की आजादी की बात शर्मनाक: चिदंबरम के बयान पर स्मृति
Sun, Oct 29, 2017 5:45 PM
नई दिल्ली.केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने शनिवार को पी. चिदंबरम के कश्मीर की आजादी पर दिए बयान को लेकर कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता का बयान बेहद शर्मनाक है, जो उनकी पार्टी की सोच उजागर करता है। राहुल गांधी ने तो जेएनयू में देश विरोधी नारे लगाने वालों का सपोर्ट किया था। अब कांग्रेस सरदार पटेल की धरती से आजादी की बात कर रही है। उधर, अरुण जेटली ने कहा कि कांग्रेस देश और खुद को धोखा दे रही है और कश्मीर में अलगाववाद को बढ़ावा दे रही है। ये देश के हितों के खिलाफ है। बता दें कि चिदंबरम ने शनिवार को गुजरात के राजकोट के एक प्रोग्राम में कहा- ''जब जम्मू-कश्मीर के लोग जब आजादी के बारे में बात करते हैं तो वास्तव में उनकी चाहत ऑटोनॉमी (स्वायत्तता) होती है।'' पटेल ने देश को एक करने में जीवन लगाया...
- स्मृति ईरानी ने कहा, ''मुझे आज चिदंबरम के बयान पर बेहद हैरानी हुई। भारत को टुकड़ों में बांटने वाला उनका बयान शर्मनाक है, जो कांग्रेस की सोच को उजागर करता है। आप कश्मीर में जान गंवाने वाले सिक्युरिटी फोर्सेस का सपोर्ट करें, ताकि वहां के लोग कानून के दायरे में शांति से रह सकें।''
- ''जेएनयू में जब भारत तेरे टुकड़े होंगे के देश विरोधी नारे लगाए गए तो राहुल गांधी ने उन लोगों का सपोर्ट किया था। अब वह सरदार पटेल की धरती से कश्मीर की आजादी की बात कर रहे हैं। जिन्होंने (पटेल) देश को अखंड बनाने के लिए पूरा जीवन लगा दिया।''
- ''कांग्रेस जनता को क्या मैसेज देने की कोशिश कर रही है। क्या वे अपने राजनीतिक फायदे की दहलीज पर राष्ट्रीयता की बलि चढ़ा रहे हैं?''
कांग्रेस का नजरिया देश के राष्ट्रीय हितों के खिलाफ: जेटली
- वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा, ''जम्मू-कश्मीर को आजादी देने के मसले पर कांग्रेस का नजरिया भारत के राष्ट्रीय हितों के खिलाफ है। कश्मीर समस्या कांग्रेस की देन है। अपने पहले की गलतियों से सबक लेने की बजाय कांग्रेस इसे देश के लिए संकट बनाना चाहती है। क्या चिदंबरम का कमेंट कांग्रेस का ऑफिशियल बयान है। ये पार्टी को फौरन साफ करना चाहिए। कांग्रेस देश और खुद को धोखा दे रही है और कश्मीर में अलगाववाद को बढ़ावा दे रही है। ये देश के हितों के खिलाफ है।''
- ''कांग्रेस सरकार के वक्त 10 साल तक कश्मीर में आतंकवाद चरम पर था। उन्होंने इसे खत्म करने के लिए कोई कदम नहीं उठाए। हमारी सरकार ने टेरर फंडिंग पर रोक लगाई। इससे पत्थरबाजी पर रोक लग पाई है।''
कश्मीर के लोगों से बातचीत में मुझे ये पता चला: चिदंबरम
- पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, "जब मैंने जम्मू-कश्मीर के लोगों से बातचीत की तो मुझे पता चला कि आजादी की बात करने वाले असल में ऑटोनॉमी चाहते हैं। कश्मीर के लोगों को बड़ी ताकतें देने की जरूरत है और जम्मू-कश्मीर के कुछ खास इलाकों को ऑटोनॉमी दी जानी चाहिए।"
Comment Now