भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार महिलाओं को सक्षम बनाने व उनमें ड्राइविंग कौशल को बढ़ावा देने के लिए भाईदूज से नई योजना शुरू कर रही है। 'आओ भैया तुम्हें सैर कराएं' नामक यह योजना 21 अक्टूबर से शुरू होगी। इसमें महिलाओं व लड़कियों के मुफ्त लाइसेंस बनेंगे।
राज्य की महिला व बाल विकास मंत्री अर्चना चिटनिस ने दीपावली के दिन ये जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महिलाओं के मुफ्त ड्राइविंग लाइसेंस बनाने का प्रावधान किया है। इन लाइसेंस का कलर गुलाबी होगा। महिलाओं को इसके लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा। इसका उद्देश्य महिलाओं व लड़कियों को ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए प्रोत्साहित करना है।
इसलिए विशेष अभियान
चिटनिस ने कहा कि शहरीकरण के विस्तार का मतलब महिलाओं की गतिशीलता बढ़ना है। इसलिए उनके ड्राइविंग लाइसेंस बनाने का विशेष अभियान चलाया जाएगा।
यह होगी प्रक्रिया
- छह माह का अस्थाई लाइसेंस बनेगा।
- इस दौरान 94 संस्थानों में ट्रेनिंग होगी।
- इसके बाद स्थाई लाइसेंस बनाया जाएगा।
1 नवंबर से 'ऑपरेशन ड्राइविंग शौर्य चलेगा
मंत्री चिटनिस ने बताया कि महिलाओं में ड्राइविंग के पेशे को बढ़ावा देने व रोजगार के रूप में इसे चुनने के लिए एक नवंबर से 'ऑपरेशन ड्राइविंग शौर्य' चलाया जाएगा। यह अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च) तक जारी रहेगा।
Comment Now