थाने के गेट पर जल गई महिला, दोनों कैमरे खराब थे, नहीं देख पाई पुलिस
Wed, Oct 18, 2017 5:12 PM
रायपुर।गंज थाना परिसर में आत्मदाह की कोशिश ने मिशन सिक्योर सिटी अभियान सफल होने के दावाें की हकीकत सामने ला दी है। पुलिस ने शहर को कैमरों की खुफिया नजरों से सुरक्षित करने प्रमुख चौराहों और भीड़ भरे इलाके में दो हजार से ज्यादा कैमरे लगाने की घोषणा की थी।
- ज्यादातर सड़कें और प्रमुख इलाके कैमरे की नजर में हैं, लेकिन मंगलवार को शराब तस्करी के आरोप में पकड़े गए युवक की मां जब गंज थाना परिसर में आत्मदाह करने के लिए अपने शरीर में आग लगा रही थी, तब वह सामने लगे दोनों कैमरों में नजर नहीं आई क्योंकि परिसर ही नहीं, आस-पास लगे ज्यादातर कैमरे खराब पाए गए। इसलिए थाने में भी कोई जलती महिला को देख नहीं सका।
- हादसे के बाद पड़ताल के दौरान पता चला कि ज्यादातर कैमरे खराब हैं। विकास उर्फ मोनू तेवर की मां किच्ची बाई के बारे में पुलिस के अफसर ही दावा कर रहे हैं कि जब उसे मालूम हो गया कि उसके बेटे को न्यायालय ले जाया जा रहा है, तब वह भागकर बाहर आई।
- गंज थाने के पिछले गेट से भागते हुए बीएसएनएल दफ्तर के पास पहुंची। वहीं उसने एक प्लास्टिक के छोटे डिब्बे में मिट्टी का तेल छिपाकर रखा था। वहीं खड़े होकर उसने पूरा मिट्टी तेल अपने शरीर पर उड़ेला। उसके बाद वह भागते हुए दोबारा थाने आई और परिसर में खड़े होकर चिल्लाने लगी। चीख पुकार मचाते हुए उसने लाइटर निकाला और अपनी साड़ी में आग लगा ली। इतना घटनाक्रम हुआ, लेकिन थाने के भीतर मौजूद किसी भी स्टाफ को पता नहीं चला।
- परिसर में लगे कैमरे बंद होने के कारण थाने की स्क्रीन पर घटनाक्रम का एक भी अंश नजर नहीं आया। आला अफसर खुद स्वीकार कर रहे हैं कि अगर थाने के भीतर लगी कैमरे की स्क्रीन पर आत्महत्या की कोशिश का कोई भी दृश्य नजर आ जाता तो महिला को पहले ही रोका जा सकता था।
पुलिस पर 4 लाख मांगने का आरोप
- विकास की पत्नी सोनल ने कहा कि सोमवार की शाम पुलिस उसे होटल से उठाकर ले गई और जेल भेजने की धमकी दी गई। उसने आरोप लगाया कि थानेदार की ओर से 4 लाख रुपए मांगे गए। परिजन 2 लाख रुपए देने तैयार थे पर पुलिस नहीं मानी। सोनल के अनुसार किच्ची बाई ने थानेदार को चेतावनी दी थी कि पुराने रिकार्ड पर बेटे के खिलाफ कार्रवाई की गई तो वह जान दे देगी।
- शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्तार विकास उर्फ मोनू को जेल भेज दिया गया है। उसकी मां गंभीर है। पुलिस अफसरों के अनुसार केस के आधार पर उसे न्यायालय में पेश किया गया था। वहीं से उसे जेल भेजने के आदेश हुए। विकास के खिलाफ गंज थाने में 12 केस दर्ज है। इसमें दो प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी शामिल है।
- वह आखिरी बार करीब डेढ़ साल पहले मारपीट के केस में पकड़ा गया था। उसी समय उसे जेल भेजा गया था। अब पुलिस ने उसे शराब तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया है। दूसरी ओर विकास की पत्नी का दावा है कि उसकी शादी को दस महीने से ज्यादा हो गया है।
- वह शादी के दो महीने पहले से ही विकास को जानती है। उसके पति ने इस बीच कोई केस नहीं किया। इसके बावजूद पुलिस के कुछ जवान उसके पति को लगातार परेशान करते थे।
Comment Now