लखनऊ. योगी सरकार ने अयोध्या में इस बार दिवाली भव्य तरीके से मनाने का फैसला किया है। इस दौरान सरयू के तीन किलोमीटर एरिया को 1 लाख 71 हजार दीपों से रोशन किया जाएगा। राम घाट पार्क से सरयू घाट के बीच पड़ने वाले सभी नौ घाटों को लाइटिंग से सजाया गया है। दिवाली के इस जश्न में पहली बार सीएम और राज्यपाल एक साथ मौजूद रहेंगे। इसके साथ ही साधु-संतों के साथ पूरे अयोध्या के लोगों को इसमें शामिल होने का न्योता दिया गया है। माना जा रहा है कि इस प्रोग्राम में एक लाख से ज्यादा लोग पहुंचेंगे।
- बुधवार शाम सीएम योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल राम नाईक सरयू तट पर आरती करेंगे। इसके बाद 6 से 6:30 बजे के बीच अयोध्या का सरयू तट, राम कथा पार्क और राम की पौड़ी तक करीब 3 किलोमीटर में 1.71 लाख दीपों की रोशनी की जाएगी।
- वहीं, फैजाबाद के अवध यूनिवर्सिटी का दावा है कि इस बार इस दीपोत्सव में 2 लाख से ज्यादा दीये जलाए जाएंगे।
बन सकता है वर्ल्ड रिकॉर्ड
- इस बार छोटी दिवाली के मौके पर करीब 4 हजार लीटर तिल के तेल से 1.71 लाख दीप जलाए जाएंगे।
- इसके जरिए योगी सरकार एक साथ सबसे ज्यादा दीप जलाने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाना चाहती है।
- इससे पहले यह रिकॉर्ड बाबा राम रहीम के नाम पर दर्ज है। हरियाणा के सिरसा में 23 सितंबर 2016 को हुए एक प्रोग्राम में डेढ़ लाख से ज्यादा दीप जलाए गए थे।
दीप उत्सव में स्टूडेंट्स भी होंगे शामिल
- दीपों को जलाने के लिए अवध यूनिवर्सिटी के 5 हजार स्टूडेंट्स को आमंत्रित किया गया है। हर दीपक में 50 ग्राम तिल का तेल डाला जायेगा।
- हर दीये में लखनऊ से लाई गई रूई की 2-2 बत्तियां लगाई जाएंगी। तिल का तेल अयोध्या, फैजाबाद और आसपास के जिलों से इकट्ठा किया गया है।
विदेशी सैलानी भी पहुंचे
- धनतेरस के दिन से ही लोगों का अयोध्या पहुंचना शुरू हो गया है। इस प्रोग्राम को देखने बड़ी तादाद में विदेशी सैलानी भी पहुंच रहे हैं।
- फ्रांस से आईं मैथी ने कहा, "मैं पहली बार आई हूं। मैंन कभी ऐसा डेकोरेशन नहीं देखा था। लाइटिंग और दीप भी सजे हैं। मैं छोटी दिवाली की रात को घाट पर जरूर आऊंगी।"
फैजाबाद तक हेलिकॉप्टर से जाएंगे सीएम
- योगी दोपहर में गोरखपुर से फैजाबाद हेलिकॉप्टर से जाएंगे। वहां से कार से अयोध्या पहुंचेंगे। उसी वक्त राज्यपाल राम नाईक भी लखनऊ से अयोध्या पहुंचेंगे।
Comment Now