एक महीने में आज चौथी बार गुजरात जाएंगे मोदी, राहुल बोले- जुमलों की बारिश होगी
Mon, Oct 16, 2017 7:32 PM
गांधीनगर. नरेंद्र मोदी सोमवार को गांधीनगर में बीजेपी के गौरव महासम्मेलन को एड्रेस करेंगे। इस मौके पर मोदी चुनावी विजय यात्रा का आगाज भी करेंगे। यह कार्यक्रम राज्य में चली पार्टी की गुजरात गौरव यात्रा के समापन पर होने जा रहा है। गुजरात चुनाव बीजेपी, खासतौर पर मोदी के लिए साख का सवाल बन गया है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बीते एक महीने में पीएम का यह चौथा गुजरात दौरा है।
राहुल गांधी ने ट्विटर पर मोदी पर तंज कसा, "मौसम का हाल! चुनाव से पहले गुजरात में आज होगी जुमलों की बारिश।"
रूपाणी और अमित शाह भी रहेंगे समारोह में...
- मोदी दोपहर में अहमदाबाद पहुंचेंगे। यहां से वे गांधीनगर के भाट गांव जाएंगे। यहां वे गौरव यात्रा के समापन समारोह में शामिल होंगे।
- इस कार्यक्रम में करीब 7 लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान है। इस दौरान सीएम
विजय रूपाणी और अमित शाह भी मौजूद रहेंगे।
मोदी ने किए कई ट्वीट्स
- गुजरात पहुंचने से पहले मोदी ने एक के बाद एक कई ट्वीट्स किए।
- इसमें उन्होंने लिखा, "कल (सोमवार को) गांधीनगर में रहूंगा। मैं गुजरात गौरव महासम्मेलन में हिस्सा लूंगा। इसमें पूरे गुजरात के लाखों बीजेपी कार्यकर्ता पहुंचेंगे।"
- "गुजरात गौरव यात्रा लोगों की एकजुटता और गुजरात में विकास की राजनीति और गुड गवर्नेंस में लोगों के अटूट भरोसे को बताती है।"
"दशकों तक बीजेपी को आशीर्वाद देने के लिए मैं गुजरात के लोगों के सामने नतमस्तक हूं। हम पूरी ताकत और पुरुषार्थ से हमेशा हर गुजराती के सपने को पूरा करेंगे।"
182 विधानसभा सीट, 149 से होकर गुजरी गौरव यात्रा
- 1 अक्टूबर से शुरू हुई गौरव यात्रा 15 दिनों तक चली। इसके तहत 4471 किलोमीटर का सफर तय किया।
- इस दौरान यह राज्य की 182 विधानसभा सीटों में से 149 सीटों से गुजरी।
- उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के सीएम भी इस यात्रा में शामिल हुए।
जल्द जारी होगा गुजरात इलेक्शन का शेड्यूल
- हाल ही में इलेक्शन कमीशन ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव का शेड्यूल जारी किया था। तब उसने कहा था कि गुजरात विधानसभा चुनाव की तारीखों का जल्द ही एलान किया जाएगा।
- उधर, कांग्रेस ने दोनों राज्यों के चुनाव शेड्यूल जारी करने में हुई देरी पर बीजेपी पर निशाना साधा है।
- कांग्रेस स्पोक्सपर्सन रणदीप सुरजेवाला ने हाल ही में आरोप लगाया था कि मोदी 16 अक्टूबर को गुजरात का चुनावी दौरा करने वाले हैं। ऐसे में अगर राज्य में चुनाव की तारीखों का एलान हो जाता तो वे मॉडल कोड ऑफ कन्डक्ट लग जाता तो, पीएम लोक लुभावने एलान नहीं कर पाते। हालांकि, बीजेपी ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है।
पिछली बार अपने गांव गए थे मोदी
- बीते करीब एक महीने (32 दिन) में मोदी का यह चौथा गुजरात दौरा है।
- इससे पहले 14 सितंबर को उन्होंने जापानी के पीएम शिंजो आबे के साथ अहमदाबाद में बुलेट ट्रेन की नींव रखी थी।
- इसके बाद, 17 सितंबर को वे अपने बर्थडे पर भी राज्य में थे।
- 7 अक्टूबर को वे दो दिन के गुजरात दौरे पर पहुंचे थे। तब उन्होंने राजकोट, वडनगर और गांधीनगर में डेवलपमेंट के कई प्रोजेक्ट्स की नींव रखी थी। कुछ प्रोजेक्ट्स का इनॉगरेशन भी किया था। पीएम 8 अक्टूबर को अपने गांव वडनगर भी गए थे और आसपास के इलाके में रोडशो भी किया था।
Comment Now