नई दिल्ली। यशवंत सिन्हा द्वारा अरुण जेटली और केंद्र सरकार को जीएसटी को लेकर निशाना बनाए जाने के बाद अब उनके बेटे जयंत सिन्हा का इस पर जवाब आया है। केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा ने पिता के विपरित जीएसटी और नोटबंदी की जमकर तारीफ की है। जयंत सिन्हा ने जीएसटी और नोटबंदी के फैसले को आमूलचूल सुधार बताते हुए न्यू इंडिया के लिए जरूरी बताया है।
एक अंग्रेजी अखबार में लिखे अपने लेख के जरिए उन्होंने कहा भारतीय अर्थव्यवस्था की चुनौतियों पर हाल ही में कई लेख लिखे गए। दुर्भाग्यवश, संकीर्ण तथ्यों के आधार पर इन लेखों में निष्कर्ष निकाला गया है। इसमें अर्थव्यवस्था को लेकर बुनियादी बदलाव को नजरंदाज किया गया है। एक या दो महीने की विकास दर के आंकड़े बदलाव की अर्थव्यवस्था में दूरगामी परिणाम के लिए उठाए गए कदमों को बताने के लिए नाकाफी हैं।'
जीएसटी और नोटबंदी के फैसले पर सरकार के फैसले का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा 'जीएसटी, नोटबंदी और डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा गेमचेंजिंग कोशिशें हैं और इसका असर लंबे समय में दिखेगा। जो लोग बिना टैक्स दिए कारोबार कर रहे थे वो अब टैक्स के दायरे में लाए जा रहे हैं। आने वाले समय में टैक्स से आय बढ़ेगी, अर्थव्यवस्था में पैसा आएगा और जीडीपी भी बढ़ जाएगी।
यशवंत ने किया था वार
इससे पहले, यशवंत सिन्हा ने अंग्रेजी अखबार में अपने लेख के जरिए मोदी सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए थे। उन्होंने नोटबंदी और जीएसटी के फैसले पर भी सरकार को आड़े हाथों लिया था। यशवंत सिन्हा ने कहा था कि नोटबंदी ने गिरती जीडीपी में आग में तेल डालने की तरह काम किया है।
Comment Now