Thursday, 22nd May 2025

मेक्सिको में भूकंप: स्कूल गिरने से 21 बच्चे दबकर मरे, अब तक 224 की मौत

Wed, Sep 20, 2017 5:46 PM

मेक्सिको सिटी. मेक्सिको में मंगलवार देर रात 7.1 तीव्रता का भूकंप आया। 'द गार्जियन' के मुताबिक, 224 लोगों की मौत हो गई। एक स्कूल गिरने से 21 बच्चे दबकर मारे गए। कई बिल्डिंगें गिर गईं। मेक्सिको सिटी के मेयर मिगुएल मेन्सेरा का कहना है कि अकेले राजधानी में ही 44 जगहों पर बिल्डिंगें गिरीं। भूकंप के चलते हजारों लोग सड़कों पर निकल आए। मेक्सिको के प्रेसिडेंट एनरिक पेना नीटो ने ऑर्डर दिया है कि सभी हॉस्पिटल्स के दरवाजे घायलों के इलाज के लिए खोल दिए जाएं। डोनाल्ड ट्रम्प ने भी इस आपदा पर दुख जताते हुए ट्वीट किया, "हम आपके साथ हैं और हमेशा आपके साथ रहेंगे।" 

1. मेक्सिको में कब आया भूकंप?
- 19 सितंबर की देर रात। भारतीय समय के मुताबिक, रात 11.45 बजे मेक्सिको में कांपी जमीन।
- इससे पहले 7 सितंबर को भी मेक्सिको के सदर्न कोस्ट पर 8.1 तीव्रता का भूकंप आया था। लेकिन कोई नुकसान नहीं हुआ था।
 
2. कितनी थी तीव्रता?
- यूएस जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता 7.1 थी, जबकि मेक्सिको के सीस्मोलॉजिकल इंस्टिट्यूट के मुताबिक भूकंप की तीव्रता 6.8 थी।
- भूकंप का केंद्र प्यूब्ला प्रॉविंस में चियाउतला डि तापिया से सात किलोमीटर दूर पश्चिम में था।
 
3. इससे पहले कब आया था ऐसा भूकंप?
- मेक्सिको में 32 साल पहले (19 सितंबर, 1985 में) भी इसी दिन 8 तीव्रता का भूकंप आया था। इसमें हजारों लोग मारे गए थे। इसके बाद दो हफ्ते के भीतर आए एक और ताकतवर भूकंप में 90 जानें चली गईं थी।
 
4. किन शहरों पर ज्यादा असर?
- मोरलोस स्टेट, मेक्सिको सिटी, प्यूबला स्टेट, स्टेट ऑफ मेक्सिको और गुरेरो स्टेट।
 
5. कितना हुआ नुकसान?
- इस बार के भूकंप के बाद दर्जनों बिल्डिंगों के गिरने की खबर है। अकेले मेक्सिको सिटी में ही 44 इमारतें गिरी हैं। जिन इलाकों से नुकसान की खबरें आ रही हैं, वहां पर एजेंसी ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि कई बिल्डिंग्स कमजोर हो गई हैं और वे कभी भी गिर सकती हैं। कई बिल्डिंगों में आग लग गई।
- मेक्सिको इंटरनेशनल एयरपोर्ट बंद कर दिया गया है और नुकसान की जांच की जा रही है।
- मेक्सिको की एक 52 साल की महिला ने बताया, "मैं बेहद डरी हुई हूं, अपने आंसू नहीं रोक पा रही हूं। यह बिल्कुल 1985 की भयानक रात जैसा था।"
- पुएंते के मुताबिक मोरलोस स्टेट में 55 लोग, जबकि राजधानी मेक्सिको सिटी में 49 लोगों की मौत की खबर है। प्यूबला स्टेट में 32, स्टेट ऑफ मेक्सिको में 10 और गुरेरो स्टेट में 3 लोगों की मौत हो गई।
 
6. मेक्सिको सिटी में क्यों हुआ ज्यादा नुकसान?
- राजधानी मेक्सिको सिटी का ज्यादातर हिस्सा वहां है, जहां कभी झील हुआ करती थी। लिहाजा वहां की जमीन अभी भी नर्म है।
- सैकड़ों किमी दूर आए भूकंप से भी यहां की जमीन खासी हिल जाती है।
 
7. क्या बोले मिनिस्टर और अफसर?
- मेक्सिको सिटी के मेयर मेन्सेरा के मुताबिक, 50-60 लोगों को तो लोकल सिटिजंस और इमरजेंसी वर्कर्स ने बचा लिया। अफसरों के मुताबिक, मेक्सिको सिटी में 70 घायलों को हॉस्पिटल में एडमिट किया गया है।
- फेडरल इंटीरियर मिनिस्टर मिगुएल एंजेल ओसोरियो चोंग के मुताबिक, "अभी भी कई लोग इमारतों में फंसे हुए हैं। बिल्डिंगें कमजोर हो गई हैं, लिहाजा बचाव का काम धीमा है। हमें बहुत सावधानी रखनी पड़ रही है। वक्त हमारा साथ नहीं दे रहा।"
- मेक्सिको की नेशनल सिविल डिफेंस एजेंसी के प्रमुख लुई फिलिप पुएंते ने मंगलवार रात शुरुआत में 139 लोगों की मौत की पुष्टि की थी।
 
8. क्या बोले लोग?
- 26 साल की न्यूट्रीशनिस्ट मैरियाना मोरालेस ने बताया कि जब भूकंप आया, उस वक्त में टैक्सी में थी। मैं तुरंत टैक्सी से बाहर आ गई। जहां में खड़ी थी, वहीं से थोड़ी दूर एक 3 मंजिला इमारत गिर गई।
- 30 साल के कार्लोस मेंडोजा ने बताया कि उन्होंने एक शख्स के साथ मिलकर मलबे में दबे लोगों को जिंदा निकाला।
- जिस वक्त भूकंप आया गाला ड्लूजिंस्का नामक महिला सेकंड फ्लोर पर पढ़ा रही थीं। इसी फ्लोर पर 11 महिलाएं और थीं। गाला बताती है कि हम भागे लेकिन सीढ़ियां बची ही नहीं थीं। मैं गिर पड़ी। डरे-सहमे कई लोग उनके ऊपर से निकल गए। बाद में उन्हें भी बाहर निकाला गया।
 
9. क्यों आता है भूकंप?
- पृथ्वी के अंदर 7 प्लेट्स हैं जो लगातार घूम रही हैं। जहां ये प्लेट्स ज्यादा टकराती हैं, वह जोन फॉल्ट लाइन कहलाता है। बार-बार टकराने से प्लेट्स के कोने मुड़ते हैं। जब ज्यादा दबाव बनता है तो प्लेट्स टूटने लगती हैं। नीचे की ऊर्जा बाहर आने का रास्ता खोजती है। हलचल के बाद भूकंप आता है।
 
10. कितनी तबाही लाता है भूकंप?
 
रिक्टरस्केल असर
0 से 1.9 सिर्फ सीस्मोग्राफ से ही पता चलता है।
2 से 2.9 हल्का कंपन।
3 से 3.9 कोई ट्रक आपके नजदीक से गुजर जाए, ऐसा असर।
4 से 4.9 खिड़कियां टूट सकती हैं। दीवारों पर टंगी फ्रेम गिर सकती हैं।
5 से 5.9 फर्नीचर हिल सकता है।
6 से 6.9 इमारतों की नींव दरक सकती है। ऊपरी मंजिलों को नुकसान हो सकता है।
7 से 7.9 इमारतें गिर जाती हैं। जमीन के अंदर पाइप फट जाते हैं।
8 से 8.9 इमारतों सहित बड़े पुल भी गिर जाते हैं।
9 9 और उससे ज्यादा पूरी तबाही। कोई मैदान में खड़ा हो तो उसे धरती लहराते हुए दिखेगी। समंदर नजदीक हो तो सुनामी।
- भूकंप में रिक्टर पैमाने का हर स्केल पिछले स्केल के मुकाबले 10 गुना ज्यादा ताकतवर होता है।

Comments 0

Comment Now


Videos Gallery

Poll of the day

जातीय आरक्षण को समाप्त करके केवल 'असमर्थता' को आरक्षण का आधार बनाना चाहिए ?

83 %
14 %
3 %

Photo Gallery