रजनीकांत के BJP में शामिल होने की अटकलें, मोदी से कर सकते हैं मुलाकात
Mon, May 22, 2017 5:25 PM
चेन्नई/नई दिल्ली.रजनीकांत की तमिलनाडु की राजनीति में उतरने की अटकलें हैं। ऐसा हुआ तो राज्य में बड़ा उलटफेर हो सकता है। चर्चा है कि बीजेपी रजनीकांत को अपने साथ जोड़ने की कोशिश में है। इसके लिए वह जल्द ही नरेंद्र मोदी से भी मिल सकते हैं। हालांकि, इस मुलाकात की किसी ने पुष्टि नहीं की है। रविवार को केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू ने भी इस जानकारी से इनकार किया। बता दें कि कुछ दिन पहले रजनीकांत ने अपने फैन्स से कहा था जंग के लिए तैयार रहें। वेंकैया ने कहा- इसमें दिक्कत क्या है?...
- मोदी-रजनीकांत की मुलाकात पर केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू ने कहा- "नरेंद्र मोदी एक महान नेता हैं, जबकि रजनीकांत महान अभिनेता। अगर एक महान अभिनेता प्रधानमंत्री से मिलना चाहता है तो इसमें दिक्कत क्या है?’
- बता दें कि जयललिता के निधन के बाद तमिलनाडु की राजनीति में वैक्यूम आ गया है। जानकारों का कहना है कि रजनीकांत इसके लिए सही कैंडिडेट हो सकते हैं। उधर, रजनीकांत के फैन्स को लगता है कि वे इस खालीपन को भर सकते हैं। हालांकि, रजनीकांत के राजनीति में आने की संभावना को लेकर दूसरी पार्टी के नेता इतने चिंतित नहीं लगते। पूर्व केंद्रीय मंत्री और पीएमके नेता अंबुमणि रामदौस ने कहा, "तमिलनाडु को किसी अभिनेता की नहीं बल्कि पढ़े-लिखे इंसान की जरूरत है।"
रजनीकांत ने फैन्स से कहा- जंग के लिए तैयार रहो
- रजनीकांत पिछले हफ्ते 8 साल बाद अपने फैन्स से मिले थे। इस मौके पर उन्होंने कहा था कि सभी जंग के लिए तैयार रहें। इसे उनके राजनीति में उतरने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। वैसे रजनीकांत के राजनीति में उतरने की अटकलें कई सालों से चल रही हैं। 1996 में उनके आह्वान के बाद जयललिता विधानसभा चुनाव हार गई थीं और डीएमके को जबरदस्त जीत मिली थी।
कांग्रेस ने कहा- खुद की पार्टी बनाएंगे रजनीकांत
- तमिलनाडु कांग्रेस के अध्यक्ष एस तिरुनावक्करासर ने कहा, “हमें लगता है रजनीकांत किसी पार्टी में शामिल नहीं होंगे। वह खुद की पार्टी बनाएंगे। अगर वह पार्टी बनाते हैं तो गठबंधन के बारे में फैसला उन्हीं को करना होगा।"
Comment Now