जिले के सकतपुर गांव में बने गड्ढे में नहाने गए किशोर और युवक की डूबने से मौत हो गई। दो घंटे रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने के बाद दोनों को बाहर निकाला गया। उस समय दोनों की सांसें चल रही थीं। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जिले में लगातार बारिश होने से शहर के नदी-नाले उफान पर हैं। सभी गड्ढों में पानी भरा है। सकतपुर में ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास काफी गड्ढे बने हैं। इन सभी में पानी भरा है। दोपहर करीब 3 बजे दो दोस्त इसमें नहाने के लिए गए। सकतपुर में रहने वाला प्रियांशु (16) पुत्र विजय ओझा और पुरानी छावनी में रहने वाला लखन (20) पुत्र महेश साहू यहां नहाने गए। इसी दौरान दोनों डूब गए। पुरानी छावनी का ही रहने वाला एक युवक उनका पीछा करते हुए पहुंच गया था। उसी के सामने ही दोनों डूबने लगे। उसने आसपास के लोगों को बुलाया, तब तक वह डूब चुके थे।
इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची कैंट पुलिस ने गोताखोरों की मदद से सर्चिंग शुरू की। करीब एक घंटे बाद दोनों को बाहर निकाला गया। पुलिस के मुताबिक इस दौरान वह जिंदा थे। दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
गड्ढे की पार पर 300 लोग जमा
जैसे-जैसे घटना की सूचना लोगों को मिली, आसपास के लोग वहां इकट्ठे होते चले गए। इस दौरान करीब 300 लोग वहां पहुंच गए। गड्ढे की पार कमजोर है। गनीमत रही, वह टूटी नहीं वरना बड़ा हादसा हो सकता था। घरवालों ने बताया कि दोनों बिना बताए ही घर से निकल गए थे।
Comment Now