गुना। जिले में पिछले एक सप्ताह से हो रही लगातार बारिश जमकर तबाही मचा रही है। मौसम विभाग अब भी भारी बारिश का रेड अलर्ट बता रहा है। जिलेभर में बारिश का आंकड़ा एक हजार एमएम को पार करने वाला है। जिले में शुक्रवार सुबह तक 969 मिमी बारिश हो चुकी है। रविवार शाम से शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक जिले में 65 मिमी बारिश दर्ज की गयी। बमोरी में हालत अभी भी भयावह बने हुए हैं। लगभग 50 गांव का संपर्क अभी भी टूटा हुआ है। इधर लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर आने से स्टेट हाईवे सहित अन्य कई मार्ग बंद हो गए हैं। सैकड़ों गांवों का जिला एवं तहसील मुख्यालय से सपंर्क कटा हुआ है। लगातार हो रही बारिश के कारण कई लोगों के घरों में पानी भर गया है, वहीं कच्चे मकान धराशाई हो रहे हैं।
आरी और बजरंग गढ़ में गरीब परिवारों के आवास गिरे
उधर जिले में हो रही लगातार बारिश अब लोगों पर कहर बरपाने लगी है। शहर सहित ग्रामीण अंचल में लोगों के मकान गिरने लगे हैं। कुल मिलाकर बारिश से लोगों का अब जनजीवन बुरी तरह प्रभावित होने लगा है। गुरुवार को जिले के समीप ग्राम पंचायत नगमा में आने वाले ग्राम आरी में गजराज सिंह अहिरवार का बारिश के दौरान मकान अचानक भर भरा कर गिर गया। जिसमें उनकी बच्ची संजना घायल हो गई। वही घटना की सूचना मिलने पर ग्राम पंचायत नेगमा के सरपंच ब्रजेश धाकड़ पीडि़त गजराज के घर मिलने पहुंचे। जिन्होंने परिवार से चर्चा की और राहत राशि दिलाने का आश्वासन दिया है।
इसी गांव आरी में हरिओम शर्मा का मकान भी गिरा है। जिसमें उनके कृषि संबंधित समान दब गए। वहीं दूसरी घटना बजरंगगढ़ की है। जिसमें बसोड़ मोहल्ले में रहने वाले एक वाल्मिक परिवार का मकान भी धराशाई हो गया। बारिश से अब गरीबो के मकान गिरने से प्रधान मंत्री आवास कुटीर नहीं मिलने से सवाल खड़े होने लगे हैं की आखिर वास्तविक और जरूरतमंद लोगों को आवास स्वीकृत क्यों नही हो रहे, जबकि संपन्न लोगों के प्रधानमंत्री आवास धड़ल्ले से बन रहे हैं। पीड़ित लोगों का कहना है कि उनकी आर्थिक स्थिति सही नही होने से सरपंच, सचिव और रोजगार सहायकों को सेवापानी नही कर पा रहे, इसलिए उनको कुटीर नही मिल पा रही है।
सकतपुर में डूबे मकान
उधर लगातार हो रही बारिश से शहर से 8 किमी दूर सकतपुर गांव में कई मकान डूब गए। ट्रेन्चिंग ग्राउंड जाने के लिए सड़क को ऊंचा किया गया तो सड़क के किनारे बने मकान सड़क के लेवल से नीचे हो गए। बारिश के चलते इनमे पानी भर गया। एक बाल्मीकि परिवार का मकान तो 4 फीट डूब गया। परिवार को घर छोड़कर शहर में आकर रहने को मजबूर होना पड़ा। वहीँ कई इलाकों में मकान गिरे हैं। शुक्रवार को भी सुबह से जिले में लगातार बारिश का दौर जारी है।
Comment Now