Damoh Assembly Byelection: दमोह। उप चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा करने के लिए बुधवार को पूर्व सीएम कमल नाथ दमोह पहुंचे थे। उन्होंने पहले बांदकपुर में सभा की और उसके बाद वह इमलिया गांव में सभा करने पहुंचे। यहां पर उन्होंने जनता को संबोधित भी किया, लेकिन उसके बाद अचानक ही उनका स्वास्थ्य खराब हो गया, जिसके बाद डाॅक्टर को बुलाया गया।
जिला अस्पताल में पदस्थ ह्दय रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रहलाद पटेल ने उनका चेकअप किया, जिसके बाद कमल नाथ ने डॉ पटैल को बताया कि उन्हें कमजोरी महसूस हो रही है। जिला कांंग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनु मिश्रा ने बताया कि श्री नाथ को कमजोरी महसूस हुई थी, इसलिए मौजूद डॉक्टर से उनका चेकअप कराया गया था, उसके बाद वह हेलीकॉप्टर से भोपाल के लिए रवाना हो गए हैं।
आगामी 17 अप्रैल काे दमोह में होने जा रहे दमोह विधानसभा के उपचुनाव के लिए अपने कांग्रेस प्रत्याशी का चुनाव प्रचार करने के लिए पूर्व सीएम कमल नाथ बांदकपुर धाम पहुंचे। यहां पहले उन्होंने भोलेनाथ के दर्शन कर अभिषेक किया और फिर जनसभा को संबोधित किया।
भोले के दरबार में भाजपा और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आमने-सामने
गुरुवार सुबह मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष व प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ बांदकपुर पहुंचे, जहां उन्होंने जागेश्वर नाथ धाम मंदिर में जाकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए। इस दौरान जब वह मंदिर में प्रवेश कर रहे थे तो मंदिर के मुख्य द्वार से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा भोलेनाथ के दर्शन कर बाहर निकल रहे दोनों का आमना-सामना हुआ तो दोनों ने एक दूसरे से हाथ जोड़कर अभिवादन किया। दोनों नेताओं द्वारा एक दूसरे को अभिवादन करने का फोटो.भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर ने इंटरनेट मीडिया पर वायरल किया है। उन्होंने इस फोटो के साथ लिखा है भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा ने कमलनाथ से कहा कि उन्होंने तो भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद ले लिया है, इस पर कमलनाथ ने उनसेकहा कि अब मेरे लिए क्या बचा है। उन दोनों के बीच की बातचीत को भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी ने प्रस्तुत किया है, जिसकी प्रमाणिकता नईदुनिया नहीं करता।
Comment Now