प्रदेश के शीर्ष पदों पर आज भी महिलाओं की भागीदारी बेहद कम है। लेकिन वो दिन दूर नहीं जब शीर्ष पदों पर पुरुषों से ज्यादा महिलाएं काबिज होंगी। राज्य के शिक्षण संस्थानों में इस परिवर्तन की नींव तैयार हो रही है। 10वीं-12वीं से लेकर सीए, सीएस, एनआईटी, नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी जैसे नामी शिक्षण संस्थानों में पासिंग परसेंट से लेकर मेरिट लिस्ट में जगह बनाने तक के मामले में लड़कियां अब लड़कों को पीछे छोड़ चुकी हैं।
यही नहीं, पीएससी और सिविल जज जैसे कॉम्पिटीटिव एग्जाम में भी टॉप 10 लिस्ट में लड़कियों की संख्या लड़कों की तुलना में ज्यादा है। शहर में संचालित राष्ट्रीय स्तर के संस्थानों में गर्ल्स को कैंपस प्लेसमेंट में अच्छा पैकेज मिल रहा है। पढ़िए शिक्षण संस्थानों और कॉम्पिटीशन एग्जाम में बेटियों के बढ़ते कदमों की रफ्तार पर आधारित हमारी खास रिपोर्ट।
NIT की 3 स्टूडेंट को 43-43 लाख का पैकेज, तीनों गर्ल्स
मार्क्स ही नहीं, अब लड़कियां कैंपस प्लेसमेंट में अच्छा पैकेज हासिल करने के मामले में भी लड़कों को पीछे छोड़ रही हैं। इस साल एनआईटी में तीन स्टूडेंट्स को 43.55-43.55 लाख का पैकेज मिला है। खास बात ये है कि ये तीनों लड़कियां हैं। इसमें सीएस डिपार्टमेंट की प्रतिभा श्रीवास्तव, आईटी की लिखिता रेड्डी और शुश्रिया स्वर्णकार शामिल हैं। इन तीनों का सलेक्शन अडूबी सिस्टम कंपनी में हुआ है। एनआईटी के प्लेसमेंट सेल फैकल्टी इंचार्ज मनोज चोपकर ने बताया कि तीनों स्टूडेंट्स ने पढ़ाई के दौरान इसी कंपनी में लगभग 12 हफ्ते इंटर्नशिप की थी। परफॉर्मेंस के आधार पर उन्हें जॉब ऑफर हुई है।
लड़काें से ज्यादा लड़कियां 10वीं-12वीं में हाे रहीं पास, फर्स्ट डिवीजन लाने में भी अव्वल
पिछले कई सालों से 10वीं-12वीं बाेर्ड एग्जाम में लड़काें की तुलना में ज्यादा लड़कियां कामयाब हाे रही हैं। फर्स्ट डिवीजन हासिल करने के मामले में भी लड़कियां अागे हैं। बात करें अांकड़ाें में ताे 2020 में सीजी बाेर्ड 10वीं में 76.28% लड़कियां पास हुईं। वहीं, 70.53% लड़के ही पास हो सके। मेरिट लिस्ट में 22 लड़कियाें ने जगह बनाई। पहली बार 100 परसेंट मार्क्स के साथ मुंगेली की प्रज्ञा कश्यप स्टेट टॉपर बनीं। 2020 में ही 12वीं में 82.02% लड़कियां पास हुईं, जबकि 74.70% लड़के ही ये परीक्षा पास कर सके। मेरिट में भी 11 बेटियों ने जगह बनाई। बात करें फर्स्ट डिवीजन की तो 2020 में 10वीं में 1 लाख 26 हजार 384 स्टूडेंट्स फर्स्ट डिवीजन में पास हुए, जिसमें लड़कियाें की संख्या 74845 रही। वहीं, 12वीं में फर्स्ट डिवीजन पाने वाले 72 हजार 385 स्टूडेंट्स में से 43 हजार 311 लड़कियां रहीं।
2018 में 10वीं में 69.44% यानी 2 लाख 5 हजार 190 लड़कियां पास हुईंं। जबकि 1 लाख 76 हजार 547 यानी 66.42% बाॅयज ही परीक्षा में पास हो सके। आंकड़ों के लिहाज से 28 हजार 643 लड़कियां ज्यादा पास हुईं। मेरिट में 13 लड़कियाें ने जगह बनाई। इसी साल 12वीं में 79.49% लड़कियां पास हु़ईं। जबकि 74.45% लड़के ही पास हो सके। मेरिट में 7 लड़कियां ने स्थान बनाया।
2019 में 10वीं में 70.77% लड़कियां पास हुईं। जबकि 65.25% लड़के ही पास हो सके। बात करें संख्या में तो 1 लाख 44 हजार 635 लड़कियां सफल रहीं। वहीं, 1 लाख 16 हजार 542 लड़के ही पास हो सके। पहला स्थान हासिल करने वाली निशा पटेल सहित मेरिट में 13 लड़कियाें ने जगह बनाई। इसी साल 12वीं में 79.40% लड़कियां सफल रहीं। वहीं, 74.45% लड़के ही पास हो सके। बात करें संख्या में तो 1 लाख 24 हजार 370 लड़के और 1 लाख 36 हजार 151 लड़कियां सफल रहीं। मेरिट में 9 बेटियों ने जगह बनाई।
एनआईटी: ग्रेजुएशन में 12 टॉपर, जिसमें से 7 गर्ल्स, पीजी में 5 गर्ल्स
नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में 2020 में अंडर ग्रेजुएशन प्रोग्राम में कुल 12 टॉपर रहे, जिसमें 7 गर्ल्स और 5 बॉयज हैं। पोस्ट ग्रेजुएशन प्रोग्राम में मुकाबला बराबरी का रहा। 10 टॉपर में 5 गर्ल्स और 5 बॉयज ने जगह बनाई। बात करें 2019 की ताे दाे स्टूडेंट्स काे ओवरऑल टॉपर चुना गया, जिसमें एक गर्ल सिमरन गोयल और एक बॉय इशान सिंघल शामिल रहे।
सीजी-पीएससी: टॉप 15 में 10, टॉप 50 में 27 फीमेल कैंडिडेट
राज्य सेवा मुख्य परीक्षा - 2018 का रिजल्ट जनवरी 2020 में जारी किया गया था। इसमें स्टेट टॉपर रायपुर की अनिता सोनी रही। वहीं, टॉप 15 में 10 फीमेल कैंडिडेट्स ने जगह बनाई। बात करें टाॅप 50 कैंडिडेट्स की तो इस लिस्ट में भी 27 फीमेल कैंडिडेट्स जगह बनाने में कामयाब रहीं।
सिविल जज: 39 में से 25 पद लड़कियों के नाम, टॉप 10 में 9 गर्ल्स
सीजी-पीएससी ने सिविल जज - 2019 का रिजल्ट नवंबर 2020 में जारी किया था। इस काॅम्पिटीशन एग्जाम में लड़कियाें का बाेलबाला रहा। राज्य में पहला स्थान अंकिता अग्रवाल ने हासिल किया। कुल 39 पदाें के लिए ली गई इस परीक्षा में 25 पदों पर फीमेल कैंडिडेट्स ने जगह बनाई। टॉप 10 में महज एक मेल कैंडिडेट को जगह मिली।
हिदायतुल्ला नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी: पांचाें बैच में एलएलएम और बीए-एलएलबी की टॉपर गर्ल्स
राज्य में संचालित हिदायतुल्ला नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी में लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों की तुलना में कई गुना बेहतर है। यहां से निकली पांच बैच में कुल 61 गोल्ड मेडलिस्ट हुए हैं, जिसमें 47 गर्ल्स और महज 14 बॉयज शामिल हैं। खास बात ये है कि एलएलएम और बीए-एलएलबी दोनों कोर्स की पांचों बैचों की टॉपर गर्ल्स हैं। रजिस्ट्रार दीपक कुमार श्रीवास्तव और एग्जामिनेशन इंचार्ज सतीश पवार ने बताया कि एलएलएम में हर बैच में एक ही टॉपर चुना जाता है। वहीं, बीए-एलएलबी की पांच बैंच की मेरिट में 42 गर्ल्स और 14 बॉयज शामिल हैं।
सीए: देश के टॉप 50 में हमारे 3 स्टूडेंट, इसमें दो लड़कियां
चार्टर्ड अकाउंटेंट की मुख्य परीक्षा का रिजल्ट फरवरी 2021 में जारी किया गया था। इसमें सीए इंस्टीट्यूट की ओर से जारी की गई देशभर के टॉप 50 स्टूडेंट्स की मेरिट लिस्ट में शहर के तीन स्टूडेंट्स ने जगह बनाई। इसमें दो लड़कियां रहीं। रश्मि नाहर को देशभर में 20वीं और मुस्कान अग्रवाल को देशभर में 44वीं रैंक मिली।
सीएस: राज्य के दो स्टूडेंट को नेशनल मेरिट में जगह दोनों लड़कियां, इस साल 25 सीएस बने, 17 गर्ल्स
आईसीएसआई ने फरवरी में सीएस प्रोफेशनल्स और एग्जीक्यूटिव का रिजल्ट डिक्लेयर किया था। सीएस प्रोफेशनल में राज्य से दो स्टूडेंट्स को नेशनल लेवल पर जारी टॉप 10 लिस्ट में जगह मिली। खास बात ये है कि ये दोनों लड़कियां रहीं। विनिता वैद्य को 5वीं और प्रतिभा पटेल को 10वीं रैंक मिली। टॉप करने के अलावा एग्जाम क्रैक कर सीएस बनने के मामले में भी लड़कियां इस साल लड़कों से आगे रही हैं। संस्थान के प्रफुल्ल दास ने बताया कि राज्य में इस साल 25 सीएस बने हैं, जिसमें 17 गर्ल्स हैं। वहीं, हाल ही में जारी सीएस एग्जीक्यूटिव के रिजल्ट में भी शहर से इकलौती आयुषी मित्तल को देशभर में 15वीं रैंक मिली है।
कंटेंट: लक्ष्मी कुमार, अनुराग सिंह
Comment Now