अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर CM शिवराज सिंह चौहान सोमवार 8 मार्च को सुबह 7 बजे नेहरू नगर चौराहे पर महिला सफाईकर्मियों के पास पहुंच गए। उनकी ड्यूटी में तैनात ड्राइवर, PSO महिलाएं थीं। नेहरू नगर चौराहे पर मुख्यमंत्री ने महिलाओं के साथ झाड़ू लगाई और उनसे चाय पर चर्चा की। महिलाओं ने भी अपनी बातें उनके सामने रखीं।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर CM ने सुरक्षा और गाड़ी चलाने में महिला की ड्यूटी लगाने पर कहा कि गाड़ी चलाने से लेकर OSD का काम करने तक, सुरक्षा से लेकर सभी चीजें बहनें करेंगी। यह इस बात का प्रतीक है कि सारी चीजें बहनें करती हैं और कर सकती हैं। कई बार जो पुरुष की अकड़ रहती है कि मैं श्रेष्ठ हूं। यह अकड़ बहनों को पीछे रखती हैं। उस अकड़ को निकालना है। बहनें सब कर सकती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा आज महिलाएं अंतरिक्ष तक जा रही हैं। आज का दिन महिलाओं के लिए विशेष हैं।
कोरोना काल में हालत बहुत बुरी थी
महिला सफाई कर्मियों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने उनका उत्साहवर्धन किया। महिला सशक्तीकरण के पहलुओं पर बातचीत की और उनकी कठिनाइयों की जानकारी भी प्राप्त की। महिलाओं ने भी अपनी बातें और पीड़ा उनके सामने रखीं। मुख्यमंत्री ने एक बात का जवाब देते हुए कहा कि कोरोना काल में हालत यह थी कि कोई आय नहीं थी। जैसे तैसे कर्जा लेकर घर चलाते हैं। मैंने कर्ज लेकर सरकार चलाई। तनख्वाह बांटने की कोशिश की। मुख्यमंत्री ने सुबह नेहरू नगर चौराहे पर चाय पर महिला स्वच्छता कर्मी शशि, प्रभा, सरोज, शकुन बाई, ललिता देवी और उषा बाई से बातचीत की।
ड्यूटी पर तैनात महिला कर्मियों की दी बधाई
इससे पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सुबह अपने निवास पर ड्यूटी पर तैनात महिला वाहन चालक, महिला पीएसओ,महिला एसडीएम और महिला सुरक्षा कर्मियों के साथ बातचीत की। उन्हें अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई दी। इसके बाद मुख्यमंत्री महिला सफाई कर्मियों के साथ चर्चा करने के लिए नेहरू नगर की तरफ से निकले।
Comment Now