इस हफ्ते के आखिरी 2 दिन यानी 20-21 फरवरी को तिथि, वार और नक्षत्रों से मिलकर शुभ योग बन रहे हैं। इस कारण प्रॉपर्टी और व्हीकल के साथ ही हर तरह की खरीदारी के लिए ये 2 दिन बहुत ही शुभ रहेंगे। इन दिनों में मंगल, बुध और शुक्र ग्रह की चाल में भी बदलाव होने वाला है। जिसका असर सभी राशियों पर पड़ेगा।
5 शुभ योग और 3 ग्रहों की चाल में बदलाव
इस हफ्ते के आखिरी 2 दिनों में सर्वार्थसिद्ध, अमृतसिद्धि और रवियोग बनेंगे। साथ ही मंगल-चंद्रमा की युति होने से महालक्ष्मी योग भी बनेगा। इस सप्ताह 20 फरवरी, शनिवार को शुक्र ग्रह मकर राशि से निकलकर कुंभ में चला जाएगा। वहीं, इसके अगले ही दिन यानी 21 तारीख को मंगल ग्रह भी अपनी राशि छोड़कर वृष में चला जाएगा और मकर राशि में बुध की चाल बदलेगी। ये ग्रह सीधी चाल से चलने लगेगा। इस दिन प्रॉपर्टी और व्हीकल खरीदारी का विशेष शुभ मुहूर्त भी है।
20 फरवरी, शनिवार : इस दिन तिथि, वार और नक्षत्र से मिलकर सर्वार्थसिद्धि और अमृतसिद्धि नाम के 2 बड़े शुभ योग बन रहे हैं। इनमें नए और खास कामों की शुरुआत करने से सफलता मिलती है। साथ ही हर तरह के मांगलिक काम भी किए जा सकते हैं। इस दिन नौकरी में कोई पद ग्रहण करना या नए बिजनेस की शुरुआत करने से सफलता मिलती है। इस दिन शुक्र का राशि परिवर्तन करना भी कई राशियों के लिए शुभ रहेगा।
21 फरवरी, रविवार : इस दिन रवियोग दिनभर रहेगा। साथ ही चंद्रमा मृगशिरा नक्षत्र के साथ अपनी उच्च राशि में रहेगा। मंगल का नक्षत्र होने से इस दिन भी प्रॉपर्टी और व्हीकल खरीदारी के लिए विशेष मुहूर्त है। साथ ही कई तरह की जरूरी चीजों की खरीदारी भी इस दिन की जा सकती है। रविवार को मंगल ग्रह वृष राशि में जाएगा और बुध मकर राशि में ही मार्गी हो जाएगा, यानी सीधी चाल से चलने लगेगा।
इन 2 दिनों में होने वाले काम
20 और 21 फरवरी को ज्वेलरी, फर्नीचर, कपड़े और अन्य जरूरी सामानों की खरीदारी के लिए शुभ मुहूर्त रहेगा। इन 2 दिनों में किसी भी तरह के खास काम की शुरुआत की जा सकती है। शनिवार को आर्द्रा नक्षत्र के दौरान पुरानी चीजों को बेचने से फायदा मिलेगा। इस दिन सेकेंड हेंड चीजें भी खरीदी जा सकती है। साथ ही इस दिन नया प्रोजेक्ट शुरू करने में सफलता मिलेगी।
रविवार को मृगशिरा नक्षत्र में कपड़े, गहने और घर की सजावट में आने वाली जरूरी चीजों की खरीदारी इस नक्षत्र के दौरान की जा सकती है। इस दिन ऐसे कामों की शुरुआत की जा सकती है जो कला और रचनात्मकता से जुड़े होते हैं। मृगशिरा नक्षत्र में किए गए कामों से दुश्मनों पर जीत भी मिलती है। इस नक्षत्र के दौरान प्रॉपर्टी और वाहन खरीदारी करना शुभ माना गया है।
Comment Now