भोपाल में गैंगवार का मामला सामने आया है। बदमाशों ने फहीम बम के बेटे पर दो साथियों के साथ हमला कर दिया। उसके शरीर पर चाकू से 12 वार किए गए हैं। फहीम बम का बेटा हाल में जेल से छूटा है। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
तलैया पुलिस के अनुसार तलैया इलाके में रहने वाला हमजा एक मामले में जेल गया था। वह अभी जेल से छूटकर आया है। शनिवार शाम हमजा तलैया क्षेत्र में मेहंदी वाली गली में था। इसी दौरान हमजा पर जहांगीराबाद के बदमाश नदीम ने साथियों दानिश और अन्य के साथ हमजा को चाकू से गोद दिया। उसके पैर और पीठ पर चाकू के करीब 12 वार किए। लोगों के आने पर तीनों बदमाश फरार हो गए। परिजन का आरोप है, बदमाशों ने गोली भी चलाई थी, लेकिन पुलिस ने गोली चलने की बात से इनकार किया है।
पुराना विवाद चल रहा
थाना प्रभारी डीपी सिंह ने बताया, दोनों के बीच पुराना विवाद है। दोनों वर्चस्व जताना चाहते हैं। इससे पहले हमजा ने नदीम पर हमला किया था। उस मामले में हमजा पर हत्या के प्रयास और एनएसए की कार्रवाई की गई थी। अभी वह जेल से छूटकर ही आया है। हमजा पर हत्या के प्रयास और जेल में गोली चलाने तक के 10 अपराध दर्ज हैं, जबकि नदीम पर भी मारपीट समेत अन्य धाराओं में तीन से ज्यादा केस हैं। इसके अलावा अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
Comment Now