शनिवार दोपहर शहर के बड़ागांव और रायरू हाइवे पर किसान प्रदर्शन कर रास्ता जाम करेंगे। दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक हाइवे पर ट्रैफिक थमा रहेगा। पूरे देश में एक साथ यह आंदोलन हो रहा है। जिस कारण बड़े वाहनों के पहिए तीन घंटे के लिए थमे रहेंगे। शनिवार को होने वाले जाम के लिए शुक्रवार को किसानों ने रिहर्सल भी की है। उन्होंने बड़ागांव हाइवे पर गणेशपुरा के पास पहुंचकर हाइवे जाम भी किया और नारेबाजी भी की। शनिवार को यहां बड़ागांव पर स्कूल-कॉलेज आने-जाने वाले जाम में फंस सकते हैं।
किसान आंदोलन कर रहे किसानों के संगठनों ने 6 फरवरी को दोपहर 12 से 3 बजे तक हाइवे पर एक साथ ट्रैफिक जाम करने की घोषणा की है। इसी के चलते बीते 36 दिनों से ग्वालियर के फूलबाग चौराहा पर धरना प्रदर्शन कर रहे किसान संगठन व माकपा के सदस्यों ने भी बड़ागांव हाइवे पर गणेशपुरा के पास और मुरैना की ओर रायरू बाइपास पर हाइवे जाम करने का ऐलान किया है। शुक्रवार को किसानों का एक दल बड़ागांव हाइवे पर पहुंचा और गणेशपुरा तिराहा पर हाइवे पर जाम करने की रिहर्सल भी की है। कुछ देर नारेबाजी कर दल लौट आया है।
स्कूल, कॉलेज वाले होंगे परेशान
शहर के 50 फीसदी बड़े और चर्चित स्कूल- कॉलेज बड़ागांव हाइवे के दूसरी तरफ हैं। ज्यादातर स्कूल कॉलेज का समय अभी सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे का है। ऐसे में 12 से 3 बजे तक यहां हाइवे जाम का प्रदर्शन के चलते स्कूल, कॉलेज आने जाने वाले परेशान होंगे। इसलिए अभिभावकों ने बच्चों को नहीं भेजने का फैसला लिया है।
एक जिले से निकल भी गए तो दूसरे जिले में फसेंगे वाहन
शनिवार को पूरे भारत में दोपहर में 12 से 3 बजे तक तीन घंटे हाइवे पर ट्रैफिक थमा रहेगा। यदि कोई वाहन शहर के रास्तों से निकल भी जाता है तो वह अगले जिले में लगे जाम में फंस जाएगा। बड़े वाहन तो सड़कों पर खड़े दिखाई देंगे।
इमरजेंसी वाहन निकालते रहेंगे
किसान तीन घंटे के लिए हाइवे जाम करेंगे। पुलिस फोर्स तैनात रहेगा। हमारी कोशिश रहेगी कि इमरजेंसी सेवा वाले वाहनों को बिना रूके निकाला जा सके।
Comment Now