यूपी के झांसी में कानपुर रोड से अगवा 62 वर्षीय वृद्ध डॉक्टर मुरैना के सिविल लाइंस के जंगल से मुक्त हुआ है। बताया जा रहा है कि डॉक्टर को चित्रकूट के कुख्यात डकैत रहे ददुआ के नाम पर अगवा किया गया था। पहले ददुआ के नाती के इलाज की बात डकैत कहते रहे, लेकिन असल में मामला फिरौती के लिए अपहरण का निकल रहा है। पकड़कर ले जाते समय मुरैना में डकैतों की झपकी लगी और डॉक्टर भागने में कामयाब रहा। डॉक्टर के पैरों में लोहे की जंजीर बंधी थी जिससे पह भाग नहीं पाए, लेकिन वह करीब आधा किलोमीटर तक हाथ की कोहनी के बल पर घिसटते हुए हिंगोना गांव तक आ पहुंचे। इसके बाद लोगों ने डायल 100 को सूचना दी। सिविल लाइंस मुरैना पुलिस ने डॉक्टर को जंजीर से मुक्त कराया और झांसी पुलिस को सूचना दी। झांसी पुलिस भी मुरैना पहुंच गई है।
उत्तर प्रदेश के झांसी निवासी 62 वर्षीय राधाकृष्ण गुरू बक्सानी जाने माने डॉक्टर हैं। शुक्रवार सुबह झांसी में कानपुर रोड से कुछ हथियारबंद बदमाशों ने उनको चार पहिया वाहन में अपहरण किया था। बदमाश एक मरीज के परिजन बनकर इलाज के लिए डॉक्टर को ले जाने के बहाने आए थे। डॉक्टर के अपहरण की खबर से झांसी में सनसनी फैल गई थी। झांसी पुलिस ने आसपास के शहर, जिलों व राज्यों में अलर्ट कर दिया था। पुलिस की चौतरफा घेराबंदी के कारण ही अपहरण करने वालों ने सड़क मार्ग छोड़कर यहां से निकलने के लिए जंगल का रास्ता चुना था। शनिवार सुबह जंगल में अपहरण करने वाले डकैत डॉक्टर के पैरों में जंजीर बांधकर सुस्ताने लगे और उनकी झपकी लग गई। इसी मौके का फायदा उठाकर वृद्ध डॉक्टर ने पहले हाथ की कोहनी के बल पर घिसटना शुरू किया और गिरोह से करीब आधा किलोमीटर दूर पहुंचे। इससे बाद किसी तरह जंगल से बाहर निकले। जब वह जंगल से बाहर निकले तो एक खेत के किनारे पहुंचे। यहां कुछ गांव के लोगों की उन पर नजर पड़ गई। जब डॉक्टर ने पूछा कि वह कहां पर हैं अभी तो गांव के लोगों ने बताया कि यह मध्य प्रदेश का मुरैना जिला है और इस समय वह हिंगोना गांव की जमीन पर हैं। इसके बाद गांव के लोगों ने डायल 100 को सूचना दी। डायल 100 मौके पर पहुंची और डॉक्टर को सिविल लाइंस थाना पहुंचाया है।
फिरौती मांगने की थी योजना
जैसा मुक्त डॉक्टर ने मुरैना पुलिस को बताया है कि उसका अपहरण करने वाले हथियारबंद डकैत हैं। उनकी संख्या 3 थी। पहले तो वह यह कह रहे थे कि किसी का इलाज कराने ले जा रहे हैं। बोले उसका इलाज कराने के बाद छोड़ देंगे, पर बीच में यह भी सुनाई पड़ा कि डॉक्टर काफी चर्चित है इसके एक से दो करोड़ रुपए तक तो मिल जाएंगे। असल मामला अपहरण और फिरौती का निकला है।
कौन है अपहरण करने वाला गैंग
अब मुरैना पुलिस पता लगा रही है कि डॉक्टर का अपहरण करने वाला गिरोह कौन है। साथ ही ददुआ तो सिर्फ बहाना है यह गैंग एमपी के मुरैना या राजस्थान के धौलपुर का लग रहा है। इसके बाद पुलिस और अलर्ट हो गई है।
Comment Now