70 से 90 के दशक के फेमस बॉलीवुड फोटोग्राफर जगदीश माली की आज बर्थ एनिवर्सरी है। उनका जन्म 18 जनवरी, 1954 को हुआ था। वह बॉलीवुड एक्ट्रेस अंतरा माली के पिता हैं। 13 मई 2013 को उनकी मौत हो गई थी।
कैमरे में कैद की रेखा की खूबसूरती
माली का बचपन से ही पढ़ाई में मन नहीं लगता था और वह प्रोफेशनल फोटोग्राफर बनने का सपना देखते थे। जगदीश 80 और 90 के दशक में अपनी बेहतरीन फोटोग्राफी के लिए जाने जाते थे। 1980 के आसपास वह सिनेब्लिट्ज नाम की बॉलीवुड मैगजीन के लिए काम करते थे। उन्हें रेखा की खूबसूरती को दुनिया के सामने लाने का भी श्रेय जाता है।
इसी दौरान तकरीबन 10 साल तक उन्होंने रेखा की बेहतरीन तस्वीरें खींचीं। जगदीश माली द्वारा खींची गई रेखा की तस्वीरों को आज भी बेस्ट माना जाता है। इसके अलावा उन्होंने मनीषा कोइराला, इरफान खान,अनुपम खेर, शबाना आजमी जैसी सितारों की एक से बढ़कर एक तस्वीरें क्लिक कर प्रसिद्धि पाई थी।
भीख मांगते मिले थे जगदीश
2013 में जगदीश माली तब सुर्खियों में आए थे जब उन्हें मुंबई के वर्सोवा इलाके में भिखारियों के बीच देखा गया था। माली को फटे-पुराने कपड़े पहने भीख मांगते हुए देखा गया था। अभिनेत्री मिंक बरार जब भिखारियों को कंबल दान कर रही थीं तो उनकी नजर जगदीश पर पड़ी। मिंक ने उन्हें पहचान लिया।
इसके बाद खाना खिलाया। मिंक और उनके भाई ने उनसे बात करने की कोशिश की। लेकिन उन्होंने उनकी किसी भी बात का जवाब नहीं दिया। मिंक के मुताबिक वह काफी डिस्टर्ब लग रहे थे। जब उनसे पूछा कि वह कहां जाना चाहते हैं तो उन्होंने जवाब दिया, ‘अपने स्टूडियो।’ जबकि वे स्टूडियो बेच चुके हैं।
सलमान ने भेजी थी कार
मिंक ने सलमान खान को फोन किया। उन्होंने जगदीश को उनके घर वापस भेजने के लिए कार भेजी। इसके बाद स्वास्थ्य ख़राब होने के चलते जगदीश को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह मानसिक रूप से भी काफी परेशान चल रहे थे। शराब की लत की वजह से वह डिप्रेशन के भी शिकार थे। इसके बाद 13 मई, 2013 को उनकी मौत हो गई थी।
Comment Now