आम आदमी पार्टी के विधायक व पूर्व कानून मंत्री सोमनाथ भारती अपने एक विवादित बयान को लेकर कानूनी शिकंजे में फंस गए हैं। शनिवार को अमेठी में पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर आए सोमनाथ ने कहा था कि '' हम UP के स्कूलों और अस्पतालों को देख रहे हैं। सब जगह बद्तर हालत है। UP के अस्पतालों में बच्चे तो पैदा हो रहे हैं, लेकिन कुत्तों के बच्चे पैदा हो रहे हैं।'' उनके इस बयान से लोगों में खासी नाराजगी है। जगदीशपुर के हरपालपुर गांव के रहने वाले शोभनाथ साहू ने विधायक पर केस दर्ज कराया है।
जगदीशपुर थानाध्यक्ष राजेश सिंह ने बताया कि सोमनाथ भारती के खिलाफ IPC की धारा 505, 153 A के तहत दर्ज की गई है। पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है। वहीं, आज रायबरेली में उन पर हिंदू युवा वाहिनी के कुछ लोगों ने स्याही फेंक दी। इस घटना से आप कार्यकर्ताओं में खासी नाराजगी है।
क्या है पूरी बात, क्यों दिया था ऐसा बयान?
दरअसल, आप संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उत्तर प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लड़ने का ऐलान किया है। इससे पहले पार्टी पंचायत चुनाव में उतरने वाली है। शुक्रवार को चुनाव की तैयारी को लेकर सोमनाथ भारती दो दिवसीय दौरे पर अमेठी पहुंचे थे। भारती को अमेठी के अलावा प्रयागराज और रायबरेली जिले का प्रभार दिया गया है। इस दौरान उन्होंने केजरीवाल मॉडल और योगी सरकार की नीतियों की तुलना की थी। कहा कि हमारा बजट 60 हजार करोड़ हो गया है और इसी मॉडल को लेकर हम यूपी में आए हैं।
यूपी में बच्चियों की सुरक्षा के लिए इनके पास पुलिस तो नहीं है, लेकिन स्कूलों की कोई फोटो खींच न ले, इसके लिए ये पुलिस लगा देते हैं। हमारे विधायक यूपी के 75 जिलों में घूम रहे हैं। यहां के अस्पताल को देख रहे हैं। ऐसी बद्तर हालत में हैं कि अस्पतालों में बच्चे तो पैदा हो रहे हैं, लेकिन कुत्तों के बच्चे पैदा हो रहे हैं।
सोमनाथ भारती ने यह बयान क्यों दिया था, इसका उन्होंने रायबरेली जिले में खुलासा किया। बताया कि हाल ही में वे प्रयागराज जनपद गए थे। वहां एक सरकारी अस्पताल की बेड पर मरीजों के साथ कुत्ते बैठे हुए मिले थे। वहां कुत्ते के बच्चे उन्हें टहलते मिले थे।
सबकी वर्दी उतरवाऊंगा, दरोगा से हुई नोकझोंक
विधायक सोमनाथ भारती के विवादित बयान से लोगों में आक्रोश है। इसका असर सोमवार को रायबरेली में भी देखने को मिला। यहां हिंदू युवा वाहिनी के कुछ लोगों ने विधायक सोमनाथ भारती पर स्याही फेंकी है। पुलिस ने सोमनाथ को सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस में रोकना चाहा तो वे भड़क उठे। उन्होंने दरोगा से कहा कि, सबकी वर्दी उतरवाऊंगा मैं। हट जाइए। दरोगा ने कहा बिल्कुल नहीं हटेंगे, इस पर गुस्से में विधायक ने कहा आपको मैं बार-बार कह रहा हूं आप हट जाइए। विधायक ने पूछा कि रास्ता रोकेंगे आप हमारा? दरोगा ने कहा कि मैं भी बार-बार कह रहा हूं रुक जाइए। तब विधायक ने कहा कि हम क्यों रुकेंगे, किस कारण से? किस कानून में लिखा है। किस संविधान में लिखा है। हम कोई आपके अनपढ़ मंत्री हैं जो यहां खड़े हुए हैं? जब मैं यहां सारी रात था तब क्यों नहीं रोका हमें। जब मेरा कार्यक्रम चल रहा है। क्षेत्र की जनता इंतजार कर रही तब रोक रहे हैं।
Comment Now