छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में शुक्रवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। घात लगाए नक्सलियों ने हमला कर दिया। जवाबी कार्रवाई में नक्सली भाग निकले। इस दौरान IED ब्लास्ट की चपेट में आकर सुकमा DRG का एक जवान घायल हो गया। उसे दंतेवाड़ा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दंतेवाड़ा SP अभिषेक पल्लव ने घटना की पुष्टि की है।
जानकारी के मुताबिक, सुकमा और दंतेवाड़ा की संयुक्त टीम 3 दिन पहले नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर सर्चिंग के लिए निकली थी। शुक्रवार को जवान सुकमा-दंतेवाड़ा बॉर्डर पर नहाड़ी के जंगल में पहुंचे थे, इसी दौरान घात लगाए नक्सलियों ने हमला कर दिया। इस पर जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली पेड़ों की आड़ लेकर वहां से भाग निकले।
घटनास्थल से नक्सल सामग्री भी बरामद होने की सूचना
इस दौरान प्रेशर ID ब्लास्ट की चपेट में आकर एक जवान सौलम नागेश घायल हो गया। इसके बाद साथी जवान उसे लेकर दंतेवाड़ा पहुंचे और अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल उसकी हालत ठीक है। जानकारी के मुताबिक, घटनास्थल से जवानों ने नक्सल सामग्री और अन्य सामान भी बरामद किया है। फिलहाल इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
Comment Now