दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया आज उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंचे। उनका एयरपोर्ट पर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने स्वागत किया। इसके बाद सिसौदिया VVIP गेस्ट हाउस रवाना हुए। इस दौरान मनीष ने कहा, ''मैंने कहा था कि लखनऊ आऊंगा तो आ गया हूं। योगी सरकार के मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह खुली बहस के लिए जगह और समय बता दीजिए। दिल्ली के लोगों को 80% बिजली फ्री मिल रही है, जबकि UP में महंगी होती जा रही है।''
सवा घंटे तक कुर्सी खाली रखी गई
मनीष सिसौदिया ने गेस्ट हाउस में प्रेस कांफ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने योगी सरकार के मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह के लिए एक कुर्सी छोड़ रखी थी। जहां खुली बहस के लिए मंत्री का सवा घंटे इंतजार किया गया। लेकिन वे नहीं पहुंचे। इस पर तंज कसते हुए मनीष ने कहा कि, डिबेट की चुनौती देकर भाग गए। भागना था तो खुली डिबेट के लिए क्यों चैलेंज किया?
जो दो करोड़ की आबादी को संभाल सकता है वो 24 करोड़ के आबादी को भी संभाल सकता है। सरकार की खामियां गिनाने से लेकर योगी सरकार के खिलाफ कोई बोल रहा है वो संजय सिंह है। UP में सरकार के लिए एक साल है। यही बड़ी आबादी केजरीवाल मॉडल की सरकार लेकर आएगी। दरअसल, अरविंद केजरीवाल के विधानसभा चुनाव लड़ने के ऐलान के बाद मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह विकास के मॉडल पर खुली बहस की चुनौती दी थी, जिसे मनीष सिसौदिया ने स्वीकार किया था।
पुलिस ने सिसौदिया को रोका, कमिश्नर बोले- बिना इजाजत न घूमें
प्रेस कांफ्रेंस के बाद उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पीजीआई क्षेत्र स्थित एक सरकारी स्कूल का रियलिटी चेक करने जा रहे थे। लेकिन उनके काफिले को उतरेठिया अंडरपास के पास पुलिस ने रोक लिया। जिस पर मनीष सिसोदिया ने लखनऊ पुलिस कमिश्नर को फोन मिलाकर उनसे बात की। सिसौदिया ने बताया कि कमिश्नर ने उन्हें शहर में बिना परमिशन के घूमने से मना किया है। इसलिए पुलिस फोर्स ने उन्हें व उनके काफिले को रोका है।
लखनऊ पहुंचने से पहले मनीष सिसौदिया सोशल मीडिया से ललकारा
दिल्ली मॉडल को देश ने किया स्वीकार, हम खुली बहस को हैं तैयार
वहीं, UP प्रभारी संजय सिंह ने भी योगी सरकार पर निशाना साधा है। कहा कि लगातार समय बीतता जा रहा है। पहले 24 घंटे, फिर 48 घंटे और फिर 72 घंटे बीत गए। लेकिन सिद्धार्थ नाथ सिंह की तरफ से कोई जवाब नहीं आया है। हम सोच रहे थे कि उत्तर प्रदेश के मंत्री सिद्धार्थ नाथ ने जो ऐलान किया है, उस चुनौती को स्वीकार करेंगे और मनीष सिसोदिया से बहस करने के लिए तैयार होंगे। लेकिन अभी तक एक भी शब्द उनकी तरफ से नहीं आया है।
संजय सिंह ने कहा कि हम केजरीवाल मॉडल और योगी आदित्यनाथ मॉडल पर खुली बहस करना चाहते हैं। यह बहस चाहे शिक्षा पर हो, स्वास्थ्य पर हो, बिजली पर हो, पानी पर हो, महिला सुरक्षा पर हो या फिर बुजुर्गों की पेंशन पर हो। हम हर मुद्दे पर खुली बहस करने के लिए तैयार हैं।
मनीष सिसौदिया पर हमले करवा सकती है सरकार
संजय सिंह ने आशंका जताई है कि योगी सरकार मनीष सिसौदिया पर हमले करा सकती है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सिसौदिया पर किसी भी प्रकार का कोई हमला या उनके साथ किसी भी प्रकार की कोई दुर्घटना, दुर्व्यवहार होता है तो उसके लिए सीधे तौर पर आप (योगी) और आपकी सरकार जिम्मेदार होगी। अब यह योगी आदित्यनाथ की जिम्मेदारी है कि वह एक प्रदेश के उपमुख्यमंत्री को सुरक्षा उपलब्ध कराएं, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करें।
Comment Now