प्रदेश की राजधानी भोपाल में इस सीजन में पहली बार कोहरे का खासा असर नजर आया। मंगलवार सुबह भोपाल में विजिबिलिटी 50 मीटर से लेकर 200 मीटर तक रह गई। इसके अलावा पचमढ़ी में दृश्यता 200 मीटर तक रही। मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि बुधवार सुबह तक कोहरा और हल्की बारिश की संभावना है। अब दिन के बाद रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है।
तापमान में गिरावट का असर पूरे प्रदेश में रहेगा। इसके बाद मौसम शुष्क हो जाएगा, जिससे ठंड बढ़ेगी। हालांकि दो दिन बाद तापमान में उतार-चढ़ाव शुरू हो जाएगी। अभी मध्य अरब सागर, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तथा दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में भी चक्रवातीय गतिविधियां सक्रिय हैं, लेकिन इसका प्रदेश पर ज्यादा असर नहीं होगा।
प्रदेश में अधिकतम तापमान 25 डिग्री तक रहा
प्रदेशभर में बारिश के कारण दिन के तापमान में काफी गिरावट रही। यह अधिकतम 15 डिग्री सेल्सियस तक रहा। सबसे ज्यादा खरगौन में 25.5 डिग्री, सिवनी में 25.2, खंडवा में 25.1 डिग्री और छिंदवाड़ा में 25 डिग्री तक गया। इसके अलावा अन्य जगहों पर तापमान इन शहरों से कम ही रहा। इधर, रात के पारे में भी गिरावट हुई है। सबसे कम पचमढ़ी में 6 डिग्री रहा, जबकि ग्वालियर में 10.2 डिग्री रहा। इसके अलावा प्रदेश में सभी जिलों में इससे अधिक ही न्यूनतम तापमान रहा।
कमजोर हो गया है अरब सागर से आने वाली नमी का असर
मौसम विभाग के अनुसार अरब सागर से लगातार नमी आने के कारण प्रदेश में बारिश हुई। अब इसका असर कम हो गया है। नमी आने से बंद होने के कारण धूप निकलेगी। इससे मौसम शुष्क होगा और ठंड बढ़ेगी। हालांकि बुधवार सुबह तक प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश के साथ ही कोहरा रहने की संभावना बनी हुई है।
Comment Now