शहर में रखे गए युवक कांग्रेस सम्मेलन में मप्र युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुणाल चौधरी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि हमसे पूर्व में गलती हुई है। जो पाप हमसे अनजाने में हुआ है, उस कलंक व पाप को हम ही मिटाएंगे। हमने गलत व्यक्ति को चुन लिया था। पहले उपचुनाव तभी होते थे, जब बीच में कोई चला जाता था। साथियों नेता बिक सकता है, पार्टी का निष्ठावान जांबाज कार्यकर्ता कभी नहीं बिकता। यह बात शुक्रवार को जिला कांग्रेस कार्यालय भगवती मैरिज गार्डन पाटनदेव में रखे गए युवा कांग्रेस जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में कही। यह सम्मेलन सांची पर होने वाले उपचुनाव को लेकर रखा गया। इस अवसर पर युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव शेष नारायण ओझा, विधायक देवेंद्र पटेल गडरवास, जिला कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र पटेल, शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, हकीम उद्दीन मंसूरी, संदीप मालवीय, सांची विधानसभा महिला कांग्रेस चुनाव प्रभारी फरहना खान, महिला कांग्रेस चुनाव प्रभारी नीतू सिंह राजपूत, आशा सिंह अनेक कार्यकर्ता गण उपस्थित थे।
Comment Now