राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को लव जिहाद बड़ा बयान दिया है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा है कि लव जिहाद शब्द का निर्माण भाजपा ने किया है। गहलोत ने कहा कि विवाह व्यक्तिगत स्वतंत्रता का मामला है, इस पर अंकुश लगाने के लिए एक कानून लाना पूरी तरह से असंवैधानिक है और यह कानून की किसी भी अदालत में खड़ा नहीं होगा।
अशोक गहलोत ने लिखा कि लव जिहाद भाजपा द्वारा राष्ट्र को विभाजित करने और सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने के लिए निर्मित एक शब्द है। विवाह व्यक्तिगत स्वतंत्रता का मामला है, इस पर अंकुश लगाने के लिए एक कानून लाना पूरी तरह से असंवैधानिक है और यह कानून की किसी भी अदालत में खड़ा नहीं होगा। लव में जिहाद का कोई स्थान नहीं है।
यह व्यक्तिगत स्वतंत्रता छीनने जैसा
गहलोत ने आगे कहा कि वे राष्ट्र में एक ऐसा वातावरण बना रहे हैं, जहां वयस्क राज्य की शक्ति की दया पर अपनी सहमति देंगे। विवाह एक व्यक्तिगत निर्णय है और वे उस पर अंकुश लगा रहे हैं, जो व्यक्तिगत स्वतंत्रता को छीनने जैसा है।
यह सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने, सामाजिक संघर्ष को बाधित करने और राज्य के संवैधानिक प्रावधानों की अवहेलना करना है, जो किसी भी आधार पर नागरिकों के साथ भेदभाव नहीं करता है।
गहलोत का बयान लव जिहादियों के हौसले बुलंद करने वाला है : भाजपा
बच्चियों का उत्पीड़न है लव जिहाद: पूनिया
सीएम का लव जिहाद पर दिया बयान वोट बैंक की ओछी मानसिकता को दर्शाता है। कांग्रेस की देशभर में हो रही दुर्दशा से मुख्यमंत्री इतना विचलित हो जाएंगे, मुझे विश्वास ही नहीं होता है। विवाह एक धार्मिक और सामाजिक मान्यता प्राप्त संस्कार है। यह केवल व्यक्ति की स्वतंत्रता तक सीमित नहीं है। प्रदेश में बच्चियां लव जिहाद का शिकार हो रही हैं।
-सतीश पूनिया, प्रदेशाध्यक्ष, भाजपा
यूपी-एमपी जैसा कानून यहां भी बने: राठौड़
मुख्यमंत्री का बयान गुनहगारों को बचाने वाला है। इससे लव जिहादियों के हौसले बुलंद होंगे और दो समुदायों के बीच नफरत फैलेगी। राजस्थान में भी लव जिहादी सक्रिय हैं। मासूम बच्चियों को गुमराह कर उनका धर्म परिवर्तन किया जा रहा है। मध्यप्रदेश और उप्र सरकार ने कानून बनाने की घोषणा की है। उसी तर्ज पर राजस्थान सरकार को भी कानून लाना चाहिए।
-राजेंद्र राठौड़, उपनेता प्रतिपक्ष
Comment Now