उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में मंगलवार सुबह बुजुर्ग दंपती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मामला सुरीर कोतवाली क्षेत्र के ब्यौही गांव का है। यहां सोमवार की रात दो गुटों में मारपीट हुई थी, जो आज सुबह संघर्ष में तब्दील हो गई। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। लाइसेंसी बंदूक भी बरामद की गई है। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस फोर्स तैनात है।
यह है पूरा मामला
गांव ब्यौही निवासी अशोक (54) सोमवार रात अपने खेत में धान की निकासी करा रहे थे। इसकी धूल गुलवीर सिंह के खेत में उड़कर जा रही थी। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ। विवाद के दौरान गुलवीर पक्ष के लोगों ने अशोक पर हमला कर दिया था। इस दौरान एक शख्स घायल हो गया था। मंगलवार सुबह अशोक और उसके परिवार के लोगों ने गुलवीर के मकान पर हमला कर दिया। गुलवीर के 20 साल के बेटे कोमल को पीटा गया। जब अशोक के पक्ष के लोगों ने गुलवीर को पकड़ने की कोशिश की तो उसने लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग शुरू कर दी। इसमें अशोक व उसकी पत्नी गीता की गोली लगने से मौत हो गई।
रुपए का लेनदेन व रंजिश का मामला सामने आया
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव ग्रोवर ने बताया कि गांव ब्यौही में गोली लगने से दंपती की मौत हुई है। घटना में मारपीट व रुपए के लेनदेन का विवाद सामने आया है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात है।
Comment Now