भोपाल के सबसे भीड़भाड़ वाले इलाके सेंट्रल लायब्रेरी के पास एक युवती की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। उसका चेहरा पत्थर से बुरी तरह कुचला गया था। सुबह तक महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।
तलैया पुलिस को रविवार देर रात सेंट्रल लायब्रेरी के पास शव पड़े होने की सूचना मिली थी। युवती का चेहरा खून से सना था। उसका सिर और चेहरा किसी भारी चीज से कुचला गया था। युवती की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। युवती सलवार कुर्ता पहने थी। उसकी उम्र करीब 30 से 35 साल के बीच बताई जा रही है। देर रात सभी थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी गई, लेकिन सुबह तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई। पुलिस अब आसपास के जिलों में भी संपर्क कर गुमशुदा महिलाओं की जानकारी जुटा रही है।
सबसे बड़ी मुश्किल शिनाख्त होना
पुलिस के अनुसार, सबसे पहले युवती की शिनाख्त होना जरूरी है। पहचान होने के बाद ही हत्या के पीछे के कारणों का पता चल पाएगा। चेहरा कुचला होने के कारण किसी भी तरह का अंदाजा लगा पाना मुश्किल हो रहा है। पुलिस हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग जैसी बात से भी इनकार नहीं कर रही है।
इसलिए बाहरी होने का अंदेशा
इससे पहले एक महिला ने तलैया इलाके में ही बड़े तालाब में अपनी एक साल की बच्ची को फेंक दिया था। महिला रायसेन की रहने वाली थी। उसने अपने प्रेमी को पाने के लिए ऐसा किया था। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि हो सकता है कि आसपास के जिले से इस महिला का संबंध हो। हालांकि अभी पुलिस इस मामले में कुछ भी कहने से बचती नजर आ रही है।
Comment Now