मुंबई में शिवसेना कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को रिटायर्ड नेवी ऑफिसर मदन शर्मा के साथ घर में घुसकर मारपीट की थी। इसके बाद अब सैकड़ों रिटायर्ड आर्मी अफसर मदन शर्मा के समर्थन में उतर आएं हैं। इनमें रिटायर्ड एयर चीफ मार्शल, 3 रिटायर्ड वाइस एडमिरल और 5 एयर मार्शल भी शामिल हैं। मदन शर्मा ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर बने एक कार्टून को वॉट्सऐप पर फॉरवर्ड किया था। इसके बाद शिवसैनिकों ने मारपीट की थी।
रिटायर्ड अफसर के साथ ऐसी घटना स्वीकार्य नहीं
सैकड़ों रिटायर्ड आर्मी अफसरों की ओर से साइन किए गए बयान में कहा गया कि हम भारतीय सेना के रिटायर्ड ऑफिसर और भारत के सम्माननीय नागरिक हैं। हमने अपने कार्यकाल में इस देश की सुरक्षा की है। मुंबई में एक रिटायर्ड नेवी अफसर के साथ गुंडागर्दी की घटना आश्चर्यजनक और स्वीकार करने योग्य नहीं है। अफसर के साथ शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने बेरहमी से मारपीट की।
उन्होंने कहा कि मामले में पुलिस और सरकार ने उन्हें न्याय दिलाने के लिए कुछ नहीं किया। मदन शर्मा को गंभीर चोटें आईं हैं। इससे उन्हें मानसिक आघात ही नहीं पहुंचा, बल्कि उनके सम्मान को भी चोट पहुंची है।
बयान में आर्मी अफसरों के साइन
बयान में 31 रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल, 44 रिटायर्ड मेजर जनरल, 38 रिटायर्ड ब्रिगेडियर्स और 40 रिटायर्ड ऑफिसर के भी साइन हैं। इसमें रिटायर्ड एयर चीफ मार्शल प्रदीप नाइक, रिटायर्ड वाइस एडमिरल शेखर सिन्हा, एआर कार्वे और जेएस बेदी जैसे नाम भी शामिल हैं। बताया गया कि यह संख्या अब तक 321 तक पहुंच गई और लगातार बढ़ भी रही है।
शिवसेना पर भी साधा निशाना
इस हमने को गुंडागर्दी बताते हुए सभी ने शिवसेना पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि रिटायर्ड ऑफिसर पर हमला करने वाले शिवसेना के लोकल यूनिट के चीफ समेत सभी आरोपियों को कुछ समय बाद छोड़ दिया गया। इस मामले को मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र सरकार ने भी गंभीरता से नहीं लिया है।
क्या है पूरा मामला
मुंबई के कांदिवली इलाके में रहने वाले रिटायर्ड नेवल ऑफिसर मदन शर्मा ने गुरुवार को एक कार्टून को वॉट्सऐप पर फॉरवर्ड किया था। इसमें मुख्यमंत्री उद्धव पर तंज कसा गया था। कार्टून में उद्धव के अलावा, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राकांपा प्रमुख शरद पवार के स्केच थे। इसके बाद, शिवसैनिकों ने नेवल ऑफिसर के घर पर हमला बोल दिया और उनके साथ मारपीट की। उन्हें गंभीर चोटें आईं।
Comment Now