राजधानी के करोंद इलाके में देर रात बाइक सवारों के उत्पात ने एक सांड (नंदी) की जान ले ली। इसमें एक बाइक सवार भी घायल होना बताया जा रहा है। लेकिन वह मौके से भाग गया। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसके बाद अब पुलिस घायलों का पता लगाने के लिए अस्पतालों से जानकारी ले रही है। सुबह तक किसी का भी पता नहीं चल पाया था। इधर, घटना के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सांड का अंतिम संस्कार किया।
बजरंग दल गौ रक्षा प्रमुख विनोद जोहरे ने बताया कि घटना करोंद इलाके के विवेकानंद नगर रोड की है। रात करीब साढ़े 12 बजे उन्हें एक मवेशी के सड़क पर पड़े होने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि उसे किसी वाहन ने टक्कर मारी है। इसके बाद इलाके में सीसीटीवी कैमरों को देखा गया, तो पास के एक मकान के सीसीटीवी कैमरों से घटना के बारे में पता चला।
कुछ बाइकर्स तेज रफ्तार में सड़क पर बाइक दौड़ाते नजर आए। उनमें से एक बाइक सवार बहुत तेज गति से सांड से भिड़ गया। वह आगे जाकर रेलिंग में घुस गया। हालांकि घटना के बाद वे वहां से भाग गए। सुबह हमने सांड का अंतिम संस्कार किया। पुलिस को भी घटना की शिकायत की है। पुलिस के साथ हम आसपास के अस्पतालों में युवकों के बारे में पता लगा रहे हैं। उनके खिलाफ प्रकरण भी दर्ज कराएंगे।
Comment Now