राजधानी के धरसींवा इलाके में मंगलवार को दो शव पुलिस ने बरामद किए। दोनों घटनाओं में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सिलतरा इलाके से ही यह शव बरामद किए गए। पहला मामला एक युवक की पेड़ से लटकी लाश का है। शव को फंदे से लटके देखा तो आम लोगों ने जानकारी धरसींवा थाने में दी। पुलिस मौके पर जांच के लिए पहुंची शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस की अब तक की जांच में कुछ अहम बातें सामने आईं इस मामले में। युवक की पहचान मिजेंद्र यदू के तौर पर हुई। 24 साल का यह युवक अभनपुर का रहने वाला है।
कुछ महीनों से घर छोड़कर एक महिला के साथ सिलतरा में रह रहा था। घर के पास एक पेड़ से फंदे पर लटकी इसकी लाश मिली। जिस महिला के साथ रहने की बात सामने आई वह महिला अब लापता है। घटना के कारणों का पुलिस पता लगा रही है। दूसरी घटना सिलतरा के अर्जुनी तालाब की है। यहां पानी में नंद कुमार श्रीवास्तव नाम के युवक का शव बरामद किया गया। पुलिस ने जब परिवार के लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि नंद हर रोज तालाब में नहाने आता था। उसे मिर्गी की बीमारी थी। परिवार के लोगों ने नहाते वक्त मिर्गी का दौरा आने और डूबने की आशंका जताई। फिलहाल दोनों ही घटना में मौत के पुख्ता कारण की छानबीन जारी है।
Comment Now