मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष बृजमोहन परिहार (72) की मंगलवार को सुबह 4.30 बजे कोरोना की वजह से मौत हो गई। उन्होंने गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में आखिरी सांस ली। बृजमोहन को ब्लड प्रेशर और शुगर की बीमारी थी। एक महीने से बीमार थे। पांच दिन पहले उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था।
इस बीच, दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया कि पड़ोसी राज्यों से मरीजों के इलाज के लिए आने से कोरोना की संख्या पर असर हुआ है। उन्होंने कहा, 'दिल्ली में बड़ी संख्या में पड़ोसी राज्यों से भी लोग टेस्ट कराने के लिए आ रहे हैं। हॉस्पिटल में जो एडमिट हैं, उनमें एक तिहाई से ज्यादा लोग बाहर से हैं। रविवार को 97 मरीज दिल्ली से बाहर के और 200 राजधानी के एडमिट हुए थे।' दिल्ली में मंगलवार सुबह तक 1 लाख 46 हजार 134 केस हैं। इनमें 1 लाख 31 हजार 657 मरीज ठीक हो चुके हैं। सिर्फ 10 हजार 346 एक्टिव केस हैं।
उधर, देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 22 लाख 71 हजार 198 पहुंच गया है। उधर, तमिलनाडु में संक्रमितों का आंकड़ा 3 लाख के पार हो गया। सोमवार को 5 हजार 914 नए मरीज बढ़े। ये आंकड़े covid19india के मुताबिक है।
दिल्ली में घटे कोरोना मरीज
कोरोना अपडेट्स
5 राज्यों को हाल
1. मध्यप्रदेश:
प्रदेश में सोमवार को 19 मरीजों की मौत हुई। मौतों का आंकड़ा 1015 पर पहुंच गया है। इनमें इंदौर-भोपाल में 564 मौतें हो चुकी हैं। अच्छी बात ये है कि 52 जिलों में से छह जिले डिंडोरी, निवाड़ी, अनूपपुर, शहडोल, पन्ना और बालाघाट में एक भी मौत नहीं हुई है।
अभी कुल केस करीब 40 हजार हैं। इनमें पहले दस हजार केस 75 दिन में मिले थे, जबकि आखिरी 10 हजार सिर्फ 12 दिन में आ गए हैं। राज्य में कोरोना जांचें जिस तेजी से हो रही हैं उससे केस जल्द सामने आ रहे हैं और रफ्तार यही रही तो 22 अगस्त तक कुल केस 50 हजार के पार निकल सकते हैं।
2. राजस्थान:
राज्य में सोमवार को अब तक के सबसे ज्यादा 1173 रोगी मिले। इसके साथ कुल संक्रमितों की संख्या 53 हजार 670 हो गई। कोटा ने अब तक का अपना रिकॉर्ड तोड़ा और एक दिन में सबसे ज्यादा 264 रोगी मिले। डूंगरपुर में 3, बाड़मेर, जोधपुर और कोटा में 2-2, राजसमंद और पाली में 1-1 मरीज ने दम तोड़ा। भीलवाड़ा प्रदेश का 15वां जिला बन गया, जिसमें 1000 से अधिक रोगी हो गए हैं। अब तक प्रदेश में 39060 लोग ठीक हो चुके हैं।
3. बिहार.
राज्य में लगातार कोरोना के मरीज बढ़ते जा रहे हैं। साथ ही 14 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। इस दोहरी चुनौती के बीच मरीजों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाने के लिए वैशाली प्रशासन ने सोमवार से राघोपुर में नाव एंबुलेंस की व्यवस्था शुरू की है। इस नाव एंबुलेंस पर पीपीई किट में जांच दल के साथ एक डॉक्टर, एक असिस्टेंट के अलावा मेडिकल टीम रहेगी। इस पर स्ट्रेचर, बेड, ऑक्सीजन सिलेंडर, दवा, सलाइन की सुविधा है।
इधर प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 75346 कोरोना सैंपल की जांच की गई, जिसमें कांग्रेस विधायक विजय शंकर दुबे समेत 3021 नए संक्रमित मिले हैं। इससे कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 82 हजार 741 हो गई है। इनमें 54 हजार 139 ठीक हुए हैं।
4. महाराष्ट्र.
महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान 9,181 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 5,24,513 पहुंच गई। राहत की बात यह है कि सोमवार को 6711 लोग ठीक हो गए। इसी के साथ ठीक होने वाले मरीजों का आंकड़ा भी बढ़कर 3,58,421 हो गई। पिछले 24 घंटे में 293 और लोगों की इससे मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 18,050 हो गई है।
5. उत्तरप्रदेश.
राज्य में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 1 लाख 26 हजार 722 पहुंच गया है। सोमवार को 24 घंटे के भीतर प्रदेश में 4 हजार 197 नए मरीज बढ़े, जबकि 51 संक्रमितों की जान गई है। सबसे ज्यादा 9 मौत कानपुर नगर में हुई।
Comment Now