दुनिया में कोरोनावायरस से अब तक 1 करोड़ 36 लाख 89 हजार 855 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 79 लाख 56 हजार 981 ठीक हो चुके हैं। वहीं, 5 लाख 86 हजार 772 की जान गई है। ब्राजील के राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो की दूसरी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। मंगलवार को दूसरी बार उनका टेस्ट हुआ था। 65 साल के बोल्सोनारो ने कहा है कि वे फिलहाल ब्रासिलिया स्थित अपने घर में क्वारैंटाइन रहेंगे। वे यहीं से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अपना काम करेंगे।
ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता सिमा सादत लारी ने बुधवार को बताया कि संक्रमण फैलने से अब तक हमारे 140 स्वास्थ्यकर्मियों की मौत हुई है। वहीं, 5 हजार डॉक्टर्स और नर्स संक्रमित हैं। हम सभी को उन्हें सम्मान देना चाहिए और स्वास्थ्य प्रोटोकॉल का पालन करना चाहिए। यहां अब तक 2 लाख 64 हजार 561 संक्रमित मिले हैं और 13 हजार 410 मौतें हुई हैं।
10 देश जहां कोरोना का असर सबसे ज्यादा
देश |
कितने संक्रमित | कितनी मौतें | कितने ठीक हुए |
अमेरिका | 36,16,747 | 1,40,140 | 16,45,962 |
ब्राजील | 19,70,909 | 75,523 | 12,55,564 |
भारत | 9,70,169 | 24,929 | 6,13,735 |
रूस | 7,46,369 | 11,770 | 5,23,249 |
पेरू | 3,37,724 | 12,417 | 2,26,400 |
चिली | 3,21,205 | 7,186 | 2,92,085 |
मैक्सिको | 3,17,635 | 36,906 | 1,99,129 |
द.अफ्रीका | 3,11,049 | 4,453 | 1,60,693 |
स्पेन | 3,04,574 | 28,413 | उपलब्ध नहीं |
ब्रिटेन | 2,91,911 | 45,053 | उपलब्ध नहीं |
दक्षिण अफ्रीका: संक्रमितों का आंकड़ा 3 लाख के पार
दक्षिण अफ्रीका में संक्रमितों का आंकड़ा 3 लाख के पार हो गया है। यहां 4 हजार 453 मौतें हुई हैं। यहां ऑक्सीजन और अस्पतालों में बेड की कमी की बात भी सामने आ चुकी है। बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार ने लॉकडाउन से जुड़ी पाबंदियां कड़ी कर दी हैं। शराब की बिक्री पर दोबारा रोक लगा दी गई है और सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना जरूरी कर दिया गया है।
अमेरिका: ओकलाहोमा के गवर्नर संक्रमित
अमेरिका के ओकलाहोमा राज्य के गवर्नर जॉन स्टिट संक्रमित पाए गए हैं। स्टिट ने मंगलवार को अपना टेस्ट कराया था। उन्होंने टेस्ट रिपोर्ट आने के बाद कहा, ‘‘ मेरी टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मैं फिलहाल अच्छा महसूस कर रहा हूं और अपने परिवार से दूर आइसोलेट हूं। जब तक सब सामान्य नहीं होता मैं घर से ही काम करूंगा। शनिवार से पहले तक मैं संक्रमित नहीं था। मेरे संपर्क में आए सभी लोगों को ट्रेस किया जा रहा है।’’ ओकलाहोमा में अब तक 424 मौतें हुई हैं।
चिली: दो महीने में पहली बार संक्रमित कम हुए
चिली के स्वास्थ्य मंत्री इनरिक पेरिस ने बुधवार को कहा कि देश में दो महीने में पहली बार संक्रमितों की संख्या कम हुई है। पिछले सात दिनों में इसमें 14% और 14 दिनों में 36% की कमी आई है। बुधवार को यहां 1 हजार 712 नए मामले मिले और 117 मौतें हुईं। यहां अब 7 हजार 186 लोगों की मौत हुई है।
आईएमएफ ने कहा- संक्रमण की दूसरी लहर से ज्यादा खतरा
आईएमएफ की मैनेजिंग डायरेक्टर क्रिस्टालिना जॉर्जिवा ने कहा है कि महामारी का खतरा टला नहीं है। संक्रमण की दूसरी लहर ज्यादा खतरनाक हो सकती है। इससे और अधिक नौकरियां जाएंगे और दिवालिया होने वालों की संख्या बढ़ेगी। जी-20 के सदस्य देशों समेत कई देशों ने इसे रोकने के लिए कदम उठाया है। लेकिन, इतना काफी नहीं है। मौजूदा हालात को देखते हुए ऐसा लगता है कि इस साल दुनिया की जीडीपी में 4.9% की गिरावट आएगी।
Comment Now