भोपाल. बड़ा मलहरा से पूर्व विधायक प्रद्युम्न सिंह लोधी के बाद भाजपा की नजर कांग्रेस के 5 और विधायकों पर लगी है। इनमें बुंदेलखंड से 4 और महाकौशल से 1 विधायक के भाजपा के संपर्क में होने की खबरें हैं। इसी को देखते हुए कांग्रेस ने इन विधायकों से संपर्क साधना शुरू कर दिया है।
मंगलवार को दमोह से विधायक राहुल सिंह और बंडा विधायक तरबर सिंह के भाजपा में जाने की अटकलें तेज हुईं तो पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने दोनों विधायकों को घर बुलाकर एक घंटे बातचीत की। इसके बाद राहुल और तरबर ने मीडिया से कहा कि उनकी कांग्रेस में आस्था है। राहुल बोले- मेरे पास बहुत ऑफर आए हैं। कोई हमारा सम्मान नहीं खरीद सकता। कांग्रेस पार्टी ने ही हमे विधायक बनाया है और आगे भी कांग्रेस पार्टी के साथ अपना सफर तय करेंगे। नाथ से उनकी संगठन और उप चुनाव को लेकर चर्चा हुई है।
यह भी... नाथ के इस्तीफे पर फूट-फूटकर रोए थे प्रद्युम्न
दो दिन पहले कांग्रेस और अपनी विधायकी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए प्रद्युम्न सिंह लोधी मार्च में कमलनाथ के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के समय फूट-फूट कर रोए थे। प्रद्युम्न और राहुल दोनों चचेरे भाई हैं और हिंडोलिया में एक ही परिवार से हैं। तरबर भी इनके रिश्तेदार हैं। पिछले दो महीने तीनों विधायकों ने सुरखी विधानसभा में ब्लाॅक स्तर पर कई बैठकें लीं। अब इनमें से प्रद्युम्न भाजपा में शामिल हो चुके हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में तरबर को टिकट दिलाने में राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत की भी अहम भूमिका रही है।
Comment Now